इश्तहार देखकर छेड़ता था लड़कियां, पुलिस को भी छकाया!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फोन पर लगातार महिलाओं को परेशान करने वाले शोहदे का पुलिस सुराग तक नहीं लगा पा रही है। शिकायत पर वीमेन पावर लाइन ही नहीं हजरतगंज पुलिस व सर्विलांस सेल की टीम तलाश में जुटी है।
बावजूद इसके शादी के इश्तहार में छपे नंबरों पर मैसेज व कॉल करने वाला शातिर हाथ नहीं आ रहा।
अलीगंज क्षेत्र की एक युवती ने मोबाइल पर एसएमएस व कॉल से आजिज आकर पिछले महीने वीमेन पॉवर लाइन 1090 पर शिकायत की थी।
टीम ने कॉल डिटेल निकालने के साथ फोन पर हिदायत दी, बावजूद बेखौफ शोहदे की हरकतें बंद नहीं हुईं। इस पर युवती ने हजरतगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
साइबर क्राइम सेल की मदद से तहकीकात में पता चला कि सिमकार्ड दूसरे प्रदेश में फर्जी नाम व पते से लिया गया था, जबकि शोहदे की लोकेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मिली।
कई दिन प्रयास के बाद भी कोई नतीजा न निकलने पर तत्कालीन एसएसपी ने सर्विलांस सेल को शोहदे की गिरफ्तारी में हजरतगंज पुलिस की मदद करने को कहा।
पढ़िए शातिर की कारगुजारी
सर्विलांस सेल ने शोहदे के कॉल डिटेल के साथ मोबाइल सेट के आईएमईआई नंबर के आधार पर ब्यौरा निकलवाया, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।
कोई सुराग न लगने पर सर्विलांस सेल ने शोहदे के करीबियों का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल खंगालने शुरू किए। पता चला कि जिस नंबर से अलीगंज की युवती को एसएमएस व कॉल की गई थी, उससे जितने नंबर डॉयल किए गए सभी महिलाओं के थे।
इतना ही नहीं मोबाइल में जितने सिमकार्ड इस्तेमाल हुए उनका भी महिलाओं को कॉल करने और एसएमएस भेजने में इस्तेमाल हुआ।
इनमें ज्यादा नंबर शादी के इश्तहार में छपे थे। कॉल डिटेल के आधार पर शोहदे के करीबी का पता लगाने में जुटी सर्विलांस सेल की टीम ने दर्जन भर से अधिक नंबर डॉयल किए।
सभी नंबर उससे त्रस्त महिलाओं के निकले। कोई नतीजा न निकलते देख हजरतगंज व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शोहदे का लोकेशन ट्रेस करके पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।