माफिया ने कारोबारी को कोड़े मारे, सिर पर बोतल रख दागी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में माफिया कैसे अपने दहशत का राज चला रहे हैं, उसका एक वीडियो सामने आया है। अंबेडकरनगर हंसवर थाना क्षेत्र के हरसंहार गांव का रहने वाला माफिया खान मुबारक की रंगदारी के खिलाफ मझिगवां का रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर बाजू खान ने टिप्पणी की तो वह उसे सबक सिखाने के लिए घर बुलाता है। उस पर चाबुक बरसाता है।
पैर छूने को मजबूर करता है। उसके सिर पर बोतल रखवाकर पिस्टल से गोली दागता है। यही नहीं अपने गुर्गों से इस सबका वीडियो बनवाता है। वीडियो छह माह पुराना है।
सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो पुलिस के पास कई महीनों से है पर उसने कोई कार्रवाई नहीं की। सूत्रों का यह भी कहना है कि माफिया ने ही वीडियो को वायरल कराया ताकि जेल से ही वह रंगदारी वसूल सके।
हिले त खोपड़िया उड़ि जाई...
वीडियो में मुबारक खान चाबुक लिए दिखता है। कहता है, फिर गलती करिबे। गुर्गे पीछे से कहते हैं-पैर पकड़। कारोबारी पैरों में गिर पड़ता है। वह कहता है- अब जिंदगी में गलती न करबे।
हिले त खोपड़िया उड़ि जाई
...गालियां।...नेता बन रहा है। फिर कोड़े मारे जाते हैं। एक आदमी उसके सिर पर बोतल रखता है। खान मुबारक पिस्टल निकाल लेता है। कहता है-ये हुई बात.. हिले त खोपड़िया उड़ि जाई। ...और गोली चल जाती है।
दहशत में बिगड़ती चली गई तबीयत, मौत
वीडियो में खौफ से सहमे दिख रहे बाजू खान की मौत हो चुकी है। बाजू खान का भाई अंसार का कहना है कि दहशत के चलते उसकी तबीयत बिगड़ती ही गई और फरवरी में उसकी मौत हो गई। अंसार का कहना है कि दहशत के चलते उन लोगों ने इस मामले में चुप्पी साधे रखना ही बेहतर समझा।
हत्या, कातिलाना हमले, रंगदारी के 14 मुकदमे
खान मुबारक का भाई जफर सुपारी मुंबई अंडरवर्ल्ड का शातिर बदमाश है। वहीं मुबारक के खिलाफ सूबे के विभिन्न थानों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी वसूलने के मामले हैं। खान मुबारक टांडा में जमीन विवाद में दिनदहाड़े फायरिंग के मामले में फैजाबाद जेल में बंद है। उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा है।
एसपी बोले-नहीं कोई वीडियो, पर गिरोह पर कर रहे कार्रवाई
एसपी पंकज का कहना है कि उनके पास अधिकृत तौर पर कोई वीडियो क्लिप नहीं है। खान मुबारक व उसके गिरोह पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के गुर्गों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कानून-व्यवस्था के अपर पुलिस महानिदेशक दलजीत चौधरी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित पुलिस अफसरों को कार्रवाई करने को कहा गया है। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि इस वीडियो की आड़ में अपराधी व्यापारियों से रंगदारी वसूलने की कोशिश न कर सकें।