गैंगरेप आरोपी गायत्री पर हुआ एक और केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में जेल की हवा खा रहे पूर्व कबीना मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने मेरठ के सपा नेता के दामाद व भाई को चकबंदी लेखपाल की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगे थे। नौकरी न दिला पाने पर दूसरे विभाग में नौकरी के नाम पर डेढ़ साल तक टरकाते रहे।
चुनाव से पहले तगादा करने पर उसे जानमाल व फर्जी केस में फंसाने की धमकी भी दी और धक्के देकर सरकारी आवास से खदेड़ दिया। गायत्री पर ये आरोप लगाते हुए पीड़ित राकेश प्रजापति ने मंगलवार को गौतम पल्ली थाने में केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि मेरठ के परतापुर थाने के जैनपुर निवासी राकेश प्रजापति ने गायत्री पर नौकरी के नाम पर छह लाख की ठगी व तगादा पर 17 जनवरी को गालीगलौज कर जान से मारने व फर्जी केस में फंसाने की धमकी देने व सरकारी आवास से खदेड़ने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
समाजवादी पिछड़ा वर्ग कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व प्रजापति चेतना महासभा के प्रदेश महासचिव राकेश प्रजापति ने बताया कि एक ही पार्टी व बिरादरी के होने के नाते गायत्री से अच्छी पहचान थी।
उन्होंने जुलाई 15 में बताया कि नेताजी ने मजबूती दे दी है। किसी को नौकरी या कोई काम हो तो बताना। इस पर राकेश ने दामाद के छोटे भाई और अपने ममेरे भाई को चकबंदी लेखपाल की नौकरी दिलाने की पेशकश की।
गायत्री ने दी धमकी, कहा फर्जी केस में फंसा दूंगा
गायत्री ने छह लाख रुपये प्रति व्यक्ति का खर्च बताया। इसके बाद राकेश ने गौतम पल्ली क्षेत्र स्थित गायत्री के सरकारी आवास पर 12 लाख रुपये व दोनों युवकों के आवेदन सौंपे।
कुछ दिनों बाद चकबंदी लेखपाल भर्ती की जांच शुरू होने पर गायत्री ने दूसरे विभाग में नौकरी दिलाने का वादा किया। डेढ़ साल बाद भी नौकरी न मिलने और चुनाव नजदीक आते देख राकेश ने तगादा शुरू किया।
टालमटोल पर 17 जनवरी की शाम मेरठ प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल प्रजापति के साथ गायत्री के आवास पर पहुंचा। आरोप है कि तगादा करते ही गायत्री भड़क उठा और गालीगलौज के साथ पिटाई की। जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि मैं मंत्री हूं फर्जी केस में फंसा दूंगा।
रकम का तगादा न करने की हिदायत देते हुए धक्के मारकर खदेड़ दिया। राकेश का कहना है कि उसने पार्टी के नेताओं व पुलिस अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।