गुंडागर्दीः सरेराह मनचलों ने लड़की को टैंपो से घसीटा
चिनहट इलाके में दुस्साहसी शोहदों ने सहेली संग बाजार जा रही बीबीए की छात्रा से रविवार दिनदहाड़े छेड़खानी की। इंदिरा नहर पर शोहदों ने छात्रा को टैंपो से घसीट लिया और एक बाइक पर जबरन बैठाने लगे।
छात्रा ने शोहदों का मुकाबला करने के साथ ही मदद के लिए शोर मचाया। इस पर शोहदों ने सरेराह छात्रा को डंडों से पीटा। बचाने दौड़े अधेड़ किसान को भी लोहे की रॉड से हमला करके घायल कर दिया। इसके बाद राहगीरों व आसपास के लोगों की घेराबंदी पर शोहदे तीन मोटरसाइकिलों से भाग निकले।
पीड़िता ने चिनहट कोतवाली में बीबीए तृतीय वर्ष के छात्र व उसके पांच साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, रायबरेली की रहने वाली व चिनहट के एक निजी इंस्टीट्यूट में बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा मटियारी बाजार से खरीदारी करने के लिए रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे सहेली संग हॉस्टल से निकली थी।
दोनों टैंपो पर सवार हुई थी कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह शोहदे पीछे लग गए। कुछ दूर तक छेड़खानी की। इसके बाद इंदिरा नहर पर ओवरटेक कर शोहदों ने टैंपो रुकवा लिया और छात्रा को टैंपो से घसीट लिया। छेड़खानी करने के साथ उसे एक बाइक पर जबरन बैठाने लगे।
लड़की के मददगारों पर भी हमला बोला
छात्रा ने शोहदों का मुकाबला करने के साथ ही मदद के लिए शोर मचाया। इस पर शोहदों ने सरेराह छात्रा को डंडों से पीटा। इस बीच उसकी सहमी सहेली, चालक और अन्य सवारियां टैंपो में बैठी थीं। शोहदों से घिरी छात्रा की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
एक अधेड़ किसान ने छात्रा को छुड़ाने की कोशिश की। पर शोहदों ने उस पर भी हमला कर दिया। इस पर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े। शोहदे बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
सहमी छात्रा ने शहर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को कॉल कर बुलाया। उनके साथ चिनहट कोतवाली पहुंचकर बीबीए तृतीय वर्ष के छात्र राघवेंद्र प्रताप सिंह व उसके पांच साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर चिनहट जेबी पांडेय ने बताया कि छात्रा की पूर्व में राघवेंद्र से दोस्ती थी। इस बीच उसने राघवेंद्र से दूरी बनाई। इस पर राघवेंद्र ने विरोध जताया। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते राघवेंद्र ने साथियों की मदद से वारदात अंजाम दी है। आरोपी गोंडा का मूल निवासी बताया जा रहा है। राघवेंद्र व उसके साथियों की तलाश की जा रही है।