गर्भपात से मना करने पर गले में अंगौछा कस पत्नी को मार डाला, फिर खुद पहुंचा पुलिस के पास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गर्भपात से मना करने पर हुए झगड़े के बाद परशुराम रेड्डी ने शुक्रवार रात पत्नी रंजीता प्रधान (25) की मुंह दबाकर हत्या कर दी। मामला गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के रसूलपुर आशिक अली गांव का है। इसके बाद आरोपी थाने पहुंचा और घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
घटनास्थल पहुंचकर पुलिस रंजीता को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि परशुराम पत्नी पर शक करता था। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि परशुराम मूलरूप से उड़ीसा के लक्ष्मीपुर का रहने वाला है। उसकी उम्र 45 साल के आसपास है। वह यहां पत्नी के साथ रसूलपुर आशिक अली गांव में दशरथ के मकान में किराये पर रहकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का काम कर रही गायत्री एसोसिएट्स में प्लांट ऑपरेटर था। पहली पत्नी की चार साल पहले मौत हो चुकी है।
अक्तूबर 2018 में उसने उड़ीसा की रंजीता प्रधान से दूसरी शादी की। शुक्रवार देर रात उसका पत्नी से विवाद हुआ। परशुराम ने रंजीता के गले में अंगौछा कस दिया और मुंह व नाक दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद परशुराम ने मकान मालिक दशरथ को इसकी जानकारी दी। वह परशुराम को लेकर गांव के प्रधान के पास पहुंचे, जहां से उसे थाना ले जाया गया। थाने में परशुराम ने पत्नी को जान से मारने की सूचना दी तो हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर उसे लेकर कमरे में पहुंचे, जहां बिस्तर के नीचे जमीन पर रंजीता का शव मिल गया।
पत्नी पर करता था शक
इंस्पेक्टर का कहना है कि परशुराम अपनी पत्नी पर शक करता था। इसे लेकर दंपती में झगड़ा होता था। शुक्रवार रात रंजीता के पेट में पल रहे बच्चे को लेकर उसने कुछ उलटा-सीधा कहा। परशुराम ने पत्नी पर गर्भपात कराने का दबाव डाला, जिस पर उसने इनकार कर दिया। इससे भड़के परशुराम ने उसे मार डाला।
हत्या व अजन्मे शिशु की मौत का केस
इंस्पेक्टर ने बताया कि परशुराम रेड्डी के खिलाफ उसकी पत्नी रंजीता प्रधान की हत्या और अजन्मे शिशु को मारने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आम बोलचाल में इसे दोहरी हत्या का मामला माना जा रहा है। इस बीच देर रात रंजीता के चाचा डंडीपानी प्रधान लखनऊ पहुंचे और पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली।
हत्या के आरोपी पति की ही तरफ से दर्ज किया केस
गोसाईंगंज पुलिस ने रंजीता की हत्या के आरोपी उसके पति परशुराम रेड्डी की तरफ से ही एफआईआर दर्ज की है। अपनी तहरीर में परशुराम ने लिखा कि उसे पत्नी पर शक था। इसलिए वह गर्भपात कराना चाहता था। रंजीता ने इन्कार कर दिया जिसे लेकर झगड़ा हुआ और उसने पत्नी को मार डाला।