दरिंदगी का शिकार बनी तीन साल की मासूम, हालत गंभीर
एक और मासूम सोमवार को दरिंदगी का शिकार हुई। टिकैतनगर क्षेत्र में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली तीन साल की बच्ची को अपने साथ बंद पीएचसी में ले जाकर दुष्कर्म किया।
बच्ची की चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपी भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची की हालत गंभीर होने के चलते परिवारीजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह घटना टिकैतनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई। तीन साल की एक बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी।
पड़ोस में रहने वाला संजय नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ नजदीक के बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा ले गया और वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस कह रही नशे में था युवक
इस दौरान बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग निकला। बच्ची खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ी मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची की हालत गंभीर होने के चलते परिवारीजन उसे सीएचसी लेकर गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ टिकैतनगर श्रीपाल सिंह का कहना है कि आरोपी युवक नशे का आदी है। घटना के समय भी वह नशे में था। उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना पर एसपी अब्दुल हमीद का कहना है कि टिकैतनगर में सवा तीन साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।