टॉयलेट में खून से लथपथ मिली सीएम से इच्छामृत्यु मांगने वाली छात्रा, पत्र से हुआ मामले का खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री जयनारायन पीजी कॉलेज में शुक्रवार दोपहर बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा ने खुद को टॉयलेट में बंद कर ब्लेड से बायें हाथ की हथेली काट ली। कुछ देर बाद अन्य छात्राएं टॉयलेट आईं तो दरवाजा बंद पाया। काफी देर इंतजार के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने स्टाफ को सूचना दी। स्टाफ ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो भीतर खून से लथपथ हालत में बेसुध पड़ा देखकर चीख-पुकार मचाई तो कॉलेज के प्राचार्य व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा।
छात्रा को सिविल अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे घर भेज दिया है। स्कूल प्रशासन को छात्रा के बैग से सीएम को संबोधित तीन पन्ने का एक पत्र मिला है, जिसमें उसने शादी न होने पर इच्छामृत्यु की मांग की है।
कॉलेज के पीआरओ अशोक शुक्ला ने बताया कि छात्रा के बैग से मिला पत्र 10 फरवरी का लिखा है, जबकि उसने जो सुसाइड नोट लिखा है, वह 27 जनवरी का है। पीआरओ ने बताया कि हुसैनगंज पुलिस को सूचना दे दी गई है।
प्राचार्य प्रो. एसडी शर्मा ने बताया कि छात्रा तालकटोरा के आलमनगर की रहने वाली है। उसके पिता टैक्सी चलवाते हैं। दोपहर करीब सवा तीन बजे सौम्या नाम की छात्रा गर्ल्स टॉयलेट गई तो दरवाजा भीतर से बंद था। उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर इंतजार के बाद भी टॉयलेट का दरवाजा नहीं खुला तो सौम्या ने स्टाफ को सूचना दी। कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाया तो छात्रा का हाल देखकर होश उड़ गए। उसकी बायें हाथ की हथेली में कट लगा था और खून बह रहा था। पास ही एक ब्लेड पड़ा था।
दहेज में मांगे थे पांच लाख और गृहस्थी का ब्रांडेड सामान
छात्रा के पिता ने बताया कि करीब एक साल पहले उसके रिश्तेदार खदरा निवासी आईटीबीपी के जवान का रिश्ता लेकर आए थे। युवक के पिता ने दहेज की मांग रख दी जिस पर रिश्ता टूट गया। इसी तनाव के चलते उनकी बेटी ने खुदकुशी का प्रयास किया। छात्रा के पिता ने इस प्रकरण में किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की।
दहेज में पांच लाख कैश और गृहस्थी का ब्रांडेड सामान मांगा
छात्रा के पिता ने बताया कि लड़के वालों ने दहेज में पांच लाख रुपया कैश, गृहस्थी का ब्रांडेड सामान और सोने की चेन देने की बात रख दी। वह शादी का समारोह घर से करना चाहते थे, लेकिन लड़के वाले गेस्टहाउस बुक कराने का दबाव डालने लगे। मजबूर होकर उन्हें शादी से इन्कार करना पड़ा।
छात्रा की मानसिक स्थिति गड़बड़, रोते हुए हंसने लगती है
छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सिविल अस्पताल पहुंची पुलिस ने उससे बातचीत की तो छात्रा रोने लगी। रोते हुए उसने पूरी बात बताई। इसके अगले ही पल वह हंसने लगी। उसकी हालत देखकर स्कूल प्रशासन की आंखें नम हो गईं। परिवारीजनों का कहना है कि शादी टूटने का छात्रा के दिमाग पर गहरा असर पड़ा है। युवक बार-बार उसे फोन कर संपर्क करता तो वह फिर से परेशान हो जाती थी।
‘मैं उसे नहीं भूल सकती, ...जीने की कोई वजह नहीं’
‘मैं उसे नहीं भूल सकती। मैं हर रिश्ते से हार गई हूं। ...और अब जिंदगी से भी हार गई हूं। लोग अगर जीते हैं तो कोई वजह होती है, लेकिन मेरे पास कोई वजह नहीं है। इसलिए प्लीज मुझे इच्छामृत्यु की आज्ञा दे दें।’ दहेज के चलते शादी टूटने से दुखी छात्रा ने सीएम को लिखे पत्र में अपनी पीड़ा कुछ यूं जाहिर की है।
उसने लिखा कि लड़के के पापा ने उसकी शादी पुलिस की सिपाही से तय कर दी थी, लेकिन वह मुझसे शादी करना चाहता था। यह बात उस लड़की (सिपाही) को भी पता है। छात्रा ने लिखा कि मैं खूब रोई। उस लड़की से भी कहा कि मुझे वो लड़का दे दो। लेकिन वो अपना ही रोना रोने लगी। फिर मैंने सोचा, ठीक है।
अगर उसकी खुशी मुझे खोने में है तो मैं अलग हो जाती हूं। इस बीच मैंने कई बार खुदकुशी की कोशिश की, लेकिन हर बार बच गई। कॉलेज के पीआरओ अशोक शुक्ला का भी कहना है कि दो-तीन महीने पहले वह इमामबाड़ा के पास बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। इसके अलावा भी वह एक बार खुदकुशी की कोशिश कर चुकी है।
...उसकी बातों से मैं फिर परेशान हो गई
छात्रा ने सीएम को संबोधित पत्र में लिखा है कि कॉलेज के टीचर ने मुझे समझाया और मैंने भी पढ़ाई करने की सोची, लेकिन 13 फरवरी को उसने फिर फोन किया और कहा कि मैं तुमसे शादी करना चाहता हूं। तुम क्या चाहती हो? उसकी बातों से मैं फिर परेशान हो गई।
छात्रा ने लिखा कि, मैं उसे परेशान नहीं देख सकती थी, इसलिए उससे हमेशा बात करती रही। एक साल तक उसके साथ थी। कई बार उससे मिली भी। मैं उसे नहीं भूल सकती। इस पत्र से पहले छात्रा ने सुसाइड नोट लिखा था जिसमें उसने जान देने की बात कही थी।
उसने लिखा कि आज मैं सब छोड़कर जा रही हूं। प्लीज हो सके तो सब लोग मुझे माफ कर देना। आई लव यू मम्मी पापा। दीदी तुम सबसे अच्छी बहन हो। अंत में उसने लिखा, मेरी बर्बादी आई लव यू जान...