12:31 AM, 20-Apr-2020
मेरठः वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा शिवाया पर वसूली शुरू
लॉकडाउन के चलते 26 मार्च को बंद हुए वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा शिवाया में रात्रि 12:00 बजे से टोल प्लाजा पर वसूली शुरू कर दी गई है। फिलहाल आने और जाने की चार-चार लाइन पर टोल टैक्स लिया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान के साथ में अन्य टोल कर्मी भी मौजूद हैं। लॉकडाउन के कारण टोल पर वसूली बंद कर दी गई थी।
11:03 PM, 19-Apr-2020
तालबेहट के युवक की कोरोना से मौत की पुष्टि
इंदौर की एक बीज कंपनी में बतौर प्रबंधक काम करने वाले मूल रूप से तालबेहट निवासी युवक की मृत्यु शनिवार रात इंदौर के एक अस्पताल में हो गई। इंदौर के सीएमओ डॉ. प्रवीण जडेजा ने पुष्टि की है कि संबंधित युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
10:29 PM, 19-Apr-2020
आगरा में रविवार 14 नए कोरोना रोगी मिले
आगरा में रविवार 14 नए कोरोना रोगी मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 256 हो गई है। इनमें 92 जमाती और उनके संपर्क के हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने अप्रैल की रिपोर्ट जारी की है।
10:27 PM, 19-Apr-2020
मेरठ में मिले दो कोरोना संक्रमित
मेरठ में कोराना पाॅजिटिव मृतक के बेटे सहित दो में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रविवार को 350 संदिग्धों की जांच हुई, जिनमें यह दो संक्रमित पाए गए। इनमें एक मेरठ का है जबकि दूसरा हापुड़ का रहने वाला है। मेरठ में अब कुल मरीजों की संख्या 74 हो गई है।
10:09 PM, 19-Apr-2020
लॉकडाउन के उल्लंघन पर एसएसपी ने सीज की भाजपा नेता की पजैरो कार
आगरा में लॉकडाउन में चेकिंग देखने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार ने रविवार दोपहर को हरीपर्वत चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता की पजैरो कार को रुकवा लिया। पुलिसकर्मियों ने चालक से कार के कागजात मांगे, लेकिन वो दिखा नहीं सका। घर से बाहर आने का कारण भी नहीं बता सका, इस पर कार को सीज कर दिया गया।
09:07 PM, 19-Apr-2020
आगरा में तीन मई तक कोई छूट नहीं, सब्जी मंडी भी नहीं खुलेगी
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के दौरान ताजनगरी में कोई छूट नहीं है। रविवार शाम को मुख्यमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा कि हम पूरे आगरा को हॉट जोन मानकर चल रहे हैं। सब्जी मंडी सोमवार को बंद रहेगी। इसके बाद शिफ्ट की जाएगी। कोई सरकारी दफ्तर भी नहीं खुलेगा।
08:18 PM, 19-Apr-2020
फिरोजाबाद में छह नए कोरोना केस आए सामने
फिरोजाबाद में शाम की रिपोर्ट में कोरोना के छह केस और बढ़े। रविवार को कुल 12 नए मामले आए हैं। इनमें एक रेलवे अधिकारी है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है।
07:00 PM, 19-Apr-2020
कानपुर में आज मिले 26 नए कोरोना मरीज
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को कोरोना बम फटा। एक दिन में सबसे अधिक 26 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूल गए। सुबह कोरोना पॉजिटिव 14 मरीज मिलने के बाद शाम होते ही 12 और कोरोना पॉजिटिव मारीजों की पुष्टि हुई है।
06:17 PM, 19-Apr-2020
आगरा में सब्जी वाले के बाद थोक दवा व्यापारी भी संक्रमित मिला
आगरा में सब्जी वाले के बाद थोक दवा व्यापारी भी संक्रमित मिला। दवा बाजार को सैनिटाइज कर दिया गया है। पारस हॉस्पिटल के पास एक बड़े किराना स्टोर संचालक पत्नी भी पॉजिटिव मिली है। जबकि पारस की एक किमी परिधि में घर घर स्क्रीनिंग का दावा किया गया था।
05:54 PM, 19-Apr-2020
मथुरा पुलिस को जिले में लगभग 250 रोहिंग्या के छिपे होने की जानकारी मिली
कोरोना वायरस की दहशत के बीच मथुरा पुलिस को जिले में लगभग 250 रोहिंग्या के छिपे होने की जानकारी मिली है। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें जमातियों के साथ अब रोहिंग्याओं की तलाश में भी जुटी हैं।