कोरोना: सीएम योगी ने कहा- खुद टीका लगवाएं और दूसरों को प्रेरित करें, Koo पोस्ट कर विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश ने कोरोना पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया है, फिर भी दुनिया मे नए वैरिएंट के संक्रमण को लेकर हमें सतर्कता पर जरूर ध्यान रखना होगा। दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी के मंत्र का अनुसरण करने के साथ ही जिन लोगों ने अब तक वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन्हें वैक्सीन लगवाने को प्रेरित करें।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दुनिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण फिर तेजी से बढ़ रहा है। सीएम योगी ने वैक्सीन के बहाने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश ने कोरोना पर सफल नियंत्रण पा लिया है, फिर भी दुनिया मे नए वैरिएंट के संक्रमण को लेकर हमें सतर्कता पर जरूर ध्यान रखना होगा। दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी के मंत्र का अनुसरण करने के साथ ही जिन लोगों ने अब तक वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन्हें वैक्सीन लगवाने को प्रेरित करें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए माइक्रो-ब्लॉगिंग एप Koo पर पोस्ट कर कहा कि दोहरे चरित्र और गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले विपक्ष के बहकावे में मत आइएगा। ये लोग चुपचाप वैक्सीन ले लेते हैं और कहते हैं कि हमने वैक्सीन नहीं ली। जनता से अपील है कि सभी पात्र लोग वैक्सीन अवश्य लें, किसी के बहकावे में न आएं।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य था जिसने गरीबों, श्रमिकों को भरण-पोषण भत्ता दिया। 54 लाख श्रमिकों को इसका लाभ मिला. सरकार ने मुफ्त में खाद्यान्न वितरण भी प्रारम्भ किया जो अनवरत जारी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सभी के लिए मुफ्त कोरोना जांच, इलाज और वैक्सीन की व्यवस्था की।
सीएम योगी ने बताया कि देश में 125 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है. उत्तर प्रदेश में भी 16 करोड़ लोगों को एक या दो डोज लग चुकी हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुर्भाग्य से अगर पूर्व की सरकारों में कोरोना का संकट आया होता तो बाप-बेटे भाग गए होते, बुआ-बबुआ लापता हो गए होते, भाई-बहन का कहीं पता नहीं चलता और जनता तड़प रही होती। लेकिन भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के साथ थी।