कितने बच्चे पैदा किए जाएं, इसी पर होगा यूपी चुनाव?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद से हिंदू और मुसलमान बच्चों की संख्या पर लगातार बयानबाजी हो रही है। हिंदू कितने बच्चे पैदा करें और मुसलमान कितने इस विषय बीजेपी और सपा के नेता आमने-सामने आते रहे हैं।
विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस की तरफ से भी इस बारे में बयान आते रहे हैं हालांकि भाजपा की तरफ से किसी भी वरिष्ठ नेता ने बच्चों की संख्या को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।
बच्चों की संख्या पर जवाब भी असंसदीय और तीखे रहे हैं। हाल ही में भाजपा सांसद साक्षी महराज के बच्चों की संख्या पर सपा नेता आजम खां ने तीखा हमला किया।
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी हैं कि नहीं? बच्चे हैं कि नहीं? वे पत्नी व बच्चों का सुख जानते भी हैं या नहीं? दूसरा बच्चे इतने हों...इतने न हों... इसके लिए कोई कानून बने या लोगों को एजूकेट किया जाए। इन दोनों में से किसी एक पर गौर कर लेना चाहिए।
आजम यहीं रुके। उन्होंने कहा, ये रास्ता बताने वाले यह भी बताएंगे कि जिनके बच्चे नहीं हैं उनके बच्चे कैसे पैदा होंगे? जो लोग मेडिकली अनफिट हैं, बच्चे पैदा नहीं कर पाते तो कानून में इसके लिए भी गुंजाइश होनी चाहिए कि उनके लिए क्या रास्ता होगा?
हिंदू महिलाओं को चार बच्चों की सलाह
साक्षी महाराज का कहना है कि हिंदू महिलाओं को अपने धर्म की रक्षा करने के लिए कम से कम चार बच्चे पैदा करने चाहिए। चार बच्चे पैदा करने से ही हिंदुओं की जनसंख्या का संतुलन बना रहेगा। मुसलमानों पर कमेंट करते हुए साक्षी महराज ने कहा था कि चार बीवियों और 40 बच्चों का चलन भारत में चलने वाला नहीं है।
साक्षी महराज के अलावा साध्वी प्राची ने भी जब तब बच्चों की संख्या पर सवाल उठाए। साध्वी प्राची ने कहा कि ये हिंदू महिलाओं का फर्ज बनता है कि वह हिंदु राष्ट्र के निर्माण के लिए अधिक से अधिक बच्चे पैदा करें।
रिपार्ट के बाद आई प्रतिक्रिया
पिछले दिनों अमेरिका की पीउ रिसर्च की रिपोर्ट आई है, जिसके अनुसार भारत 2050 तक दुनिया भर में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश हो जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अंतरराष्ट्रीय महासचिव चंपत राय ने एक विवादास्पद बयान दिया है।
चंपतराय ने कहा कि अगर हिंदू एक बच्चा पैदा करने की मानसिकता से बाहर नहीं निकलते हैं तो एक दिन पूरे देश पर मुसलमानों का कब्जा हो जाएगा।
उनके अनुसार यदि हिंदू कम बच्चे पैदा करते रहे, तो 2050 में पूरी हिंदू जाति को इसके बहुत ही भयावह परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
चंपतराय ने यह भी कहा है कि वह घर वापसी का अभियान चालू रखेंगे, भले ही मोदी वीएचपी की इस पहल का समर्थन करें या न करें। वे बोले कि घर वापसी अभियान से वह लोगों को जागरुक करने का काम कर रहे हैं।
पीउ की इस रिसर्च में बताया गया है कि 2050 तक भारत मुस्लिम आबादी के मामले में इंडोनेशिया को भी पीछे छोड़ देगा। साथ ही, दुनिया भर में हिंदुओं की संख्या भी 34 फीसदी बढ़कर 1.4 अरब के करीब हो जाएगी।
बयान के उत्तर में भी बेतुके बयान
बच्चों की संख्या के जवाब में भी बयान आते रहे हैं। यह बयान भी उसी तरह के बेतुके और गैर संसदीय रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने बच्चों की संख्या को लेकर साध्वी प्राची पर पलटवार किया था। शिवपाल ने कहा था कि ज्यादा बच्चे पैदा करने का आह्वान करने वाली साध्वी प्राची खुद भी चार बच्चे पैदा करेंगी?'
उन्होंने कहा था कि साध्वी जानबूझ कर ऐसी भाषा बोल रही हैं जो समाज को बांटने का काम करे। उन्होंने कहा कि ज्यादा बच्चा पैदा करने का आह्वान करने वाले खुद ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे? उन्होंने कहा कि लोगों से चार-चार बच्चे पैदा करने का आह्वान करने वाली साध्वी प्राची भी क्या ज्यादा बच्चे पैदा करेंगी?