यूपी: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार- गंगा-यमुना में लाशें बह रही हैं और आपको कितने सबूत चाहिए, स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारें
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री और सरकार को जमीनी सच्चाई का सामना कर इंसानी जिंदगी की रक्षा करने के लिए मेडिकल सुविधाएं तत्काल उपलब्ध करानी चाहिये।
विस्तार
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा गांवों कस्बो में टेस्टिंग, ट्रेसिंग व टीकाकरण पर सवाल पूछने पर सरकार के चिकित्सा शिक्षा मंत्री की तरफ से कांग्रेस पर आरोप लगाने पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाये गए सवालों से सरकार के चेहरे की असलियत खुलकर सबके सामने आ गयी है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मौतों के बाद आज अनाथ मासूम बच्चे, माँ, बहनें जिनका सुहाग उजड़ा जिनके भाई बहन बिना इलाज ऑक्सीजन व बिना जांच के संसार त्याग गए वह सवाल पूछ रहे हैं कि यदि इलाज हुआ है तो माँ गंगा, यमुना की पवित्र जलधारा चिरनिद्रा में लीन किन बेटों को द्रवित होकर अपनी बाहों में आज लिए हुए है।
देश की पवित्र माटी में कितने लोग काल कवलित होकर कब्रिस्तानों में अंतिम निद्रा में जाने को मजबूर हुए है। टेस्टिंग के नाम पर सरकार ढोंग ढकोसला कर रही है। उसको कितने सबूत चाहिये गांवों कस्बो में लोगो को बुखार है, जुखाम है और सुबह आता मौत का पैगाम है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री और सरकार को जमीनी सच्चाई का सामना कर इंसानी जिंदगी की रक्षा करने के लिए मेडिकल सुविधाएं तत्काल उपलब्ध करानी चाहिये भाजपा सरकार कांग्रेस के सवालों से बौखलाहट में आकर अनर्गल बयानबाजी करने के स्थान पर वह अपने दायित्वो का निर्वहन करे अन्यथा इतिहास में संक्रमण के संकट के लिए उसका कलंकित इतिहास लिखा जाएगा।
उत्तर प्रदेश को भाजपा की सरकार ने तबाह कर दिया है
अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार पर सीधे पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि कोरोना संकट की त्रासदी में उत्तर प्रदेश को भाजपा की सरकार ने झोंककर तबाह कर दिया है। पी आर एजेंसी के बल पर नाकाम भाजपा सरकार अपनी गलतियों पर पर्दा डालकर जनता को धोखा देने का पाप कर रही है।
यही कारण है कि अब सत्ताधारी भाजपा के सांसद, केंद्रीय मंत्री, विधायक भी अपनी सरकार के झूठ, ढोंग, ढकोसला, हेराफेरी भरे फर्जी आंकड़ों की पोल खोल रहे है। उन्होंने कहा कि सच कड़वा होता है। सरकार को कांग्रेस के सवालों का जवाब और जनता को उचित इलाज के साथ गांवों कस्बो को संक्रमण रोकने की दिशा में ठोस कार्य करते हुए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और टीकाकरण के लिए गंभीर प्रयास करना चाहिये लेकिन त्रासदी के इस गम्भीर संकट में फंसी जनता की जीवन रक्षा के स्थान पर वह पी आर के बल पर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिये सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाकर प्रदेशवासियों को भ्रमित करने का घोर पाप कर रही है।
सरकार को श्मशान की चिताओं से उठती लपटे नहीं दिख रहीं। बिन इलाज के मौत के मुंह में गए लोगो के परिजनों द्वारा अभाव में प्रवाहित किये गए गए शव माँ गंगा यमुना में नहीं दिखाई दे रहे हैं।
सरकार निष्ठुरता, आत्ममुग्धता व अहंकार में डूबकर संकट की इस घड़ी में राजधर्म का पालन करने के बजाय ओछी राजनीति कर रही है। सरकार मानवता के साथ क्रूर मजाक पर आमादा है तो सवाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सवालों से विचलित भाजपा सरकार बौखलाकर तथ्यों से मुंह मोड़कर बौखलाहट में आकर फर्जी बयानबाजी कर रही है।