प्रियंका गांधी के मोर्चा संभालते ही कांग्रेस हमलावर, कहा- यूपी में हर रोज हो रहा एक हैदराबाद कांड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर पहुंचते ही कांग्रेस हमलावर हो गई। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे जिनसे प्रियंका गांधी मुलाकात कर रही हैं।
प्रियंका के लखनऊ दौरे पर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी महासचिव कार्यकर्ताओं से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चर्चा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यूपी महिलाओं के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है। पहले मैनपुरी की घटना, चित्रकूट की घटना और फिर उन्नाव में एक लड़की को जिंदा जला देना। हैदराबाद में तो एक घटना हुई पर यूपी में हर रोज एक हैदराबाद कांड हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ये सब दिखाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है जिस पर प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं व अलग-अलग समिति के पदाधिकारियों से चर्चा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और सरकार पर कानून व्यवस्था की बेहतरी के लिए दबाव बनाएगी।
14 दिसंबर को होने वाली रैली को लेकर की जा रही तैयारी
राजीव शुक्ला ने बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे जिसके लिए प्रियंका गांधी रणनीति तैयार कर रही हैं।
शुक्ला ने बताया कि देश में आर्थिक मंदी का माहौल है लेकिन सरकार मानने को तैयार ही नहीं है। महंगाई और भुखमरी बढ़ रही है। रोजगार खत्म हो रहे हैं। जीडीपी की दर लगातार घटती जा रही है लेकिन सरकार दूसरों पर आरोप मढ़ रही है।
वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव पर राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस यूपी में कोई गठबंधन नहीं करेगी। अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश में कांग्रेस संगठन को खड़ा करने का कार्य किया जा रहा है।