{"_id":"66b7949f36e6ceecc609478c","slug":"cms-school-van-accident-the-van-was-running-on-worn-tyres-registration-canceled-and-driver-sent-to-jail-2024-08-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएमएस स्कूल वैन हादसा: घिसे टायरों पर दौड़ रही थी वैन, रजिस्ट्रेशन निरस्त कर चालक को भेजा गया जेल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएमएस स्कूल वैन हादसा: घिसे टायरों पर दौड़ रही थी वैन, रजिस्ट्रेशन निरस्त कर चालक को भेजा गया जेल
Sun, 11 Aug 2024 09:57 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
अमर उजाला सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sun, 11 Aug 2024 09:57 AM IST
सार
CMS school van accident: शुक्रवार को सीएमएस स्कूल की वैन के साथ हुए हादसे पर नए खुलासे हो रहे हैं। शनिवार को वैन के चालक को जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
शुक्रवार की सुबह हुआ था हादसा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ के प्लासियो मॉल के पास शहीद पथ पर शुक्रवार को हादसे का शिकार हुई स्कूली वैन घिसे टायरों पर दौड़ रही थी। वैन के दो टायर खराब थे। दोनों पर जगह-जगह कट लगे मिले। टायर की रबर घिसकर इतनी पतली हो गई थी कि कट लगते ही वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। टायर बदलवाने की जिम्मेदारी वैन मालिक माढरमऊ निवासी जितेंद्र कुमार की थी, जो उसने नहीं निभाई। पुलिस ने अब तक वैन मालिक को केस में आरोपी नहीं बनाया है।
विज्ञापन
पुलिस ने स्कूल वैन का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर चालक शिवम राज बहादुर को जेल भेजा है। पुलिस की रिपोर्ट पर आरटीओ ने चालक का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और अमर उजाला की पड़ताल में यह बात सामने आई कि हादसे से पहले वैन का टायर फटा नहीं था, बल्कि ड्राइवर सीट के नीचे के टायर में कट लगा था। इसी कट से टायर की हवा निकली और वैन अनियंत्रित हो गई। वैन के पीछे का दाहिना टायर भी पूरी तरह घिसा हुआ है। दोनों टायरों पर जगह-जगह कट के निशान लगे हैं।
विज्ञापन
वैन मालिक की लापरवाही के सवाल पर एसीपी गोसाईंगंज (प्रशिक्षु आईपीएस) किरन यादव का कहना है कि प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही मिली है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच अभी जारी है। वैन मालिक दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
घटनास्थल के पास नहीं मिला सीसीटीवी
पुलिस को घटनास्थल के पास कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला। अब पुलिस घटनास्थल से पहले के रास्ते पर कैमरे देख रही है। कैमरों की मदद से इस बात का पता लगा रही है कि हादसे से पहले वैन की रफ्तार कितनी थी। कहीं ऐसा तो नहीं कि तेज रफ्तार की वजह से वैन अनियंत्रित हो गई हो। इंस्पेक्टर ने बताया कि शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त वैन का टेक्निकल मुआयना कराया। रिपोर्ट आने पर हादसे की असली वजह पता चल सकेगी। चालक का डीएल भी निरस्त किया जाएगा।
वेंटिलेटर हटा, छात्रा आराध्या की हालत में सुधार
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई कक्षा चार की छात्रा आराध्या की हालत में शनिवार को कुछ सुधार हुआ है। मेदांता अस्पताल की तरफ से जारी बयान के अनुसार, छात्रा को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। उसे अब आईसीयू में भर्ती किया गया है।