फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   CM Yogi Adityanath says Hindus struggled for Ayodhya.

UP: महाभारत के सहारे योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- वोट बैंक की राजनीति के कारण अभिशप्त रही अयोध्या

Thu, 08 Feb 2024 12:37 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Thu, 08 Feb 2024 12:37 PM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या को वोटबैंक की कुत्सित राजनीति के कारण अभिशप्त रखा गया। वहां के लोगों की उपेक्षा की गई। अब अयोध्या विश्व की सांस्कृतिक राजधानी बनने की तरफ अग्रसर है।

विज्ञापन
CM Yogi Adityanath says Hindus struggled for Ayodhya.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने तो दुर्योधन से पांच गांव मांगे थे, लेकिन हम तो केवल तीन की बात कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या, काशी व मथुरा की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये सामान्य स्थल नहीं, बल्कि ईश्वर के अवतरण स्थल है।

विज्ञापन


विधानसभा में बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय क्षण बताया। राम मंदिर को लेकर नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि 22 जनवरी को पूरी दुनिया के लिए अद्भुत क्षण था। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इसके साथ ही भारत के गौरव की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ। योगी ने कहा कि हमने वचन निभाया और मंदिर वहीं बनाया। जो कहा सो किया। जो संकल्प लिया उसकी सिद्धि भी हुई। विधानसभा में 1 घंटे 49 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने करीब 50 मिनट तक अयोध्या पर बात की।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें - UP: अखिलेश का भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा आरोप, अयोध्या में सरकार के संरक्षण में जमीनों का गोरखधंधा हुआ
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें - जयंत चौधरी के एनडीए में शामिल होने की संभावना पर अखिलेश ने दिया बयान, बोले- वो बहुत सुलझे हैं...




मुख्यमंत्री पहली बार विधानसभा में काशी, अयोध्या व मथुरा पर खुलकर बोले। कहा कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने दुर्योधन से पांच गांव मांगे थे, उसी तरह यहां सिर्फ तीन स्थलों की बात की गई थी। लेकिन एक जिद थी और उसमें राजनीतिक तड़के व वोट बैंक की प्रवृत्ति ने विवाद खड़ा कर दिया। मुख्यमंत्री ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि तब भी दुर्योधन ने कहा था कि सुई की नोक के बराबर जगह नहीं दूंगा... तो महाभारत युद्ध तो होना ही था। कौरव समाप्त हो गए।

सीएम ने कहा कि अयोध्या के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने दुर्योधन से कहा था कि दे दो केवल पांच ग्राम, रखो अपनी धरती तमाम। दुर्योधन ने श्रीकृष्ण को बंधक बनाने की कोशिश, उल्टे हरि को बांधने चला, जो था असाध्य उसे साधने चला...। यही तो हुआ था अयोध्या, मथुरा और काशी के साथ। ये तीनों विशिष्ट स्थल हैं। पहली बार देखने को मिला कि लोक आस्था के लिए भी गिड़गिड़ाना पड़ा।

नंदी बाबा ने रातोंरात बैरिकेडिंग तोड़वा दी, अब कृष्ण कन्हैया कहां मानने वाले
योगी ने कहा कि अयोध्या का उत्सव दुनिया ने देखा तो नंदी बाबा ने कहा, हम क्यों इंतजार करें। काशी में रातोंरात बैरिकेडिंग तुड़वा दी। अब हमारे कृष्ण कन्हैया कहां मानने वाले। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने केवल हमारी धन दौलत को नहीं लूटा था, बल्कि हमारी लोक आस्था पर प्रहार किया था। आजादी के बाद विपक्षी दलों ने उन्हें केवल वोट बैंक के लिए महिमामंडित करने का कुत्सित प्रयास किया। अब ये देश इसे स्वीकार नहीं करेगा।

अब अयोध्या में कर्फ्यू व प्रतिबंध नहीं
मुख्यमंत्री ने अयोध्या और महाभारत के बीच समानता का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने अयोध्यानगरी को प्रतिबंधों और कर्फ्यू के दायरे में रखा। अयोध्या सुनियोजित तिरस्कार झेलती रही। लोक आस्था के साथ ऐसा खिलवाड़ कभी देखने को नहीं मिला। दुनिया की यह पहली घटना है जब प्रभु ने अपने अस्तित्व के लिए प्रमाण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या में न कर्फ्यू लगेगा न परिक्रमा पर प्रतिबंध।

पहले गोलियों की गूंज थी, अब राम धुन
मुख्यमंत्री ने कहा कि भव्य, नव्य, दिव्य अयोध्या हर भारतवासी को आकर्षित करेगी। अयोध्या को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन केंद्र बनाया जा रहा है। पहले अयोध्या की गलियों में गोलियों की गूंज थी। अब मंगल भवन अमंगल हारी... का कीर्तन सुनाई दे रहा है। अयोध्या सचमुच की अयोध्या बन रही है। कुछ लोगों ने उसे युद्ध भूमि बना रखा था। उन्होंने कहा कि अयोध्या प्रतिदिन नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। वहां सदियों की प्रतीक्षा खत्म हुई है। वहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। 14-15 फ्लाइटें देश भर से संचालित हैं।

...तो चच्चू का अपमान नहीं करते
मुख्यमंत्री ने अखिलेश पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि प्रत्याशियों की सूची में चच्चू का नाम नहीं है। अगर प्रभु राम को मानते, रामायण से सीखते या महाभारत से ही सीखते तो चच्चू का अपमान नहीं करते। बेचारे चच्चू एक बार फिर ठगे गए। उन्होंने कहा कि जब चाचा ही आप पर आशीर्वाद नहीं बरसा रहे हैं तो औरों का आशीर्वाद क्या मिल पाएगा। सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि चाचा तो आज भी साथ में हैं।

वोट बैंक के लिए विकास से वंचित रखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने वोट बैंक के लिए अयोध्या को विकास से वंचित रखा। वहां जो काम बीते सात वर्ष में हुए हैं, वे पहले ही हो जाने चाहिए थे। केवल मंदिर का विवाद न्यायालय में था, लेकिन वहां की सड़कों को चौड़ा किया जा सकता था। घाटों का विकास हो सकता था। बिजली की व्यवस्था, स्वच्छता व स्वास्थ्य की व्यवस्था की जा सकती थी। एयरपोर्ट का कार्य किया जा सकता था। विकास के इन कार्यों को किस मंशा के साथ रोका गया था। काशी, मथुरा का विकास अवरुद्ध करने के पीछे कौन सी मंशा थी।

- सीएम ने कहा कि ये बड़ी खतरनाक व्यथा है। वोट बैंक के लिए हम किस स्तर पर जाकर लोक आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं। राम मंदिर निर्माण के बधाई संदेश का विपक्ष के सदस्यों ने विरोध किया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष (अखिलेश यादव) अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए राज्यपाल के शब्दों का समर्थन नहीं कर पाए।

- सीएम ने कहा कि उनकी आस्था थी और नीति भी साफ थी। नीयत भी स्पष्ट थी। इसलिए बिना रुके, बिना डिगे, बिना झुके अयोध्या भी गए, काशी गए तो नोएडा और बिजनौर भी गए।

क्या शबरी व निषादराज के अनुयायी पीडीए के पार्ट नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा अयोध्या में माता शबरी के नाम पर रसोईघर और निषादराज के नाम पर रैनबसेरा शुरू हो चुका है। कहा कि क्या, माता शबरी और निषादराज के अनुयायी पीडीए के पार्ट नहीं हैं? उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए यानी परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। हाल ही में जारी एक सूची में परिवार के तीन सदस्यों के नाम हैं।

सभी ब्लॉक में खुलेंगे सीएम कंपोजिट विद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 57 जिलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाए जा रहे हैं। भविष्य में सभी 826 ब्लॉकों में एक-एक सीएम कंपोजिट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed