इस गांव में क्या देख लिया सीएम ने?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहनलालगंज के लोहिया गांव भसंडा में खराब वायरिंग और झूलते तारों की गाज तत्कालीन नेडा निदेशक पर गिरेगी।
यह पता लगाया जा रहा है कि जब ये काम हुए उस दौरान कौन निदेशक था। औचक निरीक्षण के दौरान सोमवार को लोहिया आवासों के सोलर लाइटिंग की घटिया वायरिंग पर सीएम अखिलेश यादव ने विशेषतौर पर नाराजगी जताई थी।
उन्होंने वायरिंग के झूलते तारों पर कार्यदायी संस्था व संबंधित ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब कर कार्रवाई का निर्देश भी दिया।
सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव व पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी के साथ सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भसंडा पहुंच गए।
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने लोहिया आवास दिखाने को कहा तो अफसर उन्हें लेकर सुमन के आवास पहुंचे। सीएम ने कमरे में लगे पंखे का स्विच ऑन करने की कोशिश की तो वह गरम मिला।
इस पर सीएम ने नेडा के अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने काम के दौरान तैनात रहे नेडा के निदेशक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोहिया ग्रामों के विकास में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को मानकों के अनुसार काम कराने की चेतावनी दी।
खुली पंचायत में सुनीं समस्याएं
लोहिया आवास के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने गांव वालों को बुलाकर खुली पंचायत में उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली न आने की परेशानी बताई।
सीएम ने कहा कि विपक्षी भी बिजली समस्या पर ही सरकार को घेरते हैं। अगर कटिया न लगाई जाए और सभी लोग मीटर लगवा लें तो सरकार 24 घंटे बिजली देने का वादा कर इसे पूरा कराएगी।
गांव के अहमद अली ने कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनवाने की मांग की तो कुछ ने गांव की सरकारी जमीनों पर कुछ बिल्डरों के अवैध कब्जा करने के मामले को भी उठाया।
सीएम ने मौके पर मौजूद डीएम को दोनों ही मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नहीं दिखाया अधूरा काम
सीएम को फील गुड़ दिखाने वाले अफसरों ने वित्तीय वर्ष 2012-13 में चयनित लोहिया ग्राम भसंडा के अधूरे पड़े लोहिया आवास तक नहीं पहुंचने दिया।
गांव की शब्बो को दिए गए लोहिया आवास के एक कमरे में जहां अब तक फर्श नहीं बन सका। वहीं कई आवासों में सोलर सिस्टम खराब होने के चलते महीनों से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है।
कई आवासों में अब तक शौचालय नहीं बन पाया है। वहीं भसंडा के मजरे मोहनलाल खेड़ा ,धनवारा ,खरेहना और उमेदा खेड़ा में कई जगहों पर रास्ते और नालियां जलभराव की वजह से क्षतिग्रस्त हैं।
और भावुक हुए अखिलेश
भसंडा गांव के प्राथमिक स्कूल के बाहर निकलते ही सीएम की नजर गांव में रहने वाले अल्ताफ की मूक-बधिर बेटी तरन्नुम पर पड़ी।अल्ताफ ने बताया कि गरीबी के कारण बच्ची को पढ़ाने के लिए स्कूल नहीं भेज पाते।
इससे भावुक हुए अखिलेश ने मौके पर ही तरन्नुम की बेहतर परवरिश व पढ़ाई कराने के लिए सीएम कोष से पचास हजार रुपये देने की घोषणा की।
यहां भी पहुंचे अखिलेश
भसंडा से वापस लौट रहे सीएम ने वृंदावन योजना में आवास विकास परिषद की ओर से बनाए जा रहे एक भवन में पहुंच गए।
वहां उन्होंने निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्रियां देखीं। उन्होंने अफसरों को बेहतर गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद सीएम पास में ही स्थित कालिंदी पार्क पहुंचे। पार्क में आम लोगों का प्रवेश बंद होने की जानकारी पर नाराजगी जताते हुए दिन में उसे सभी के लिए खोले जाने का निर्देश भी दिया।
सीएम ने निरीक्षण के दौरान मौजूद सपा नेता कुलदीप यादव से सितंबर में सिसेंडी में पटाखा बनाने के दौरान हुए हादसे के पीड़ितों के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने मृतकों के परिजनों का हाल-चाल पूछा। मुआवजे की राशि जरूरतमंदों को मिल जाने की ताकीद करते हुए अन्य जरूरी सुविधाएं भी उन्हें मुहैया कराने के लिए अफसरों को ताकीद की।