सीएम योगी बोले, गुंडे, अपराधी और नेताओं को नहीं मिलेगा ठेका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोई भी गुंडा, अपराधी और जनप्रतिनिधि ठेकेदारी से नहीं जुड़ पाएगा। यदि कहीं जुड़ेगा तो उसके लिए अधिकारी जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिगड़ी व्यवस्था में भी उनकी सरकार बाढ़ से बचाव की बेहतर व्यवस्था देने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार ‘लल्लू’ द्वारा बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील व अति संवेदनशील बंधों को चिह्नित कर उनके मरम्मत की कार्रवाई से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सदस्य की चिंता से अवगत है।
पिछले 8-10 वर्षों में तटबंधों की मरम्मत का काम नहीं हुआ है। पहली बार रेटहोल व रेनकट बंद करने का काम हो रहा है। बंधों का कटाव रेटहोल व रेनकट बाढ़ के पहले समय से बंद न किए जाने से होता है।
योगी ने कहा कि वह निर्माण कार्यों को ठेकेदारी से जोड़कर नहीं देखते। गुंडे, अपराधी, जनप्रतिनिधि ठेकेदारी से नहीं जुड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि सदस्य को पढ़ी-पुढ़ी बातें नहीं बोलनी चाहिए। मौके पर भी जाकर देखना चाहिए। बाढ़ मंत्री बंधों को मौके पर देखकर आई हैं।
अति संवेदनशील बंधों की मरम्मत के लिए 30 करोड़ मंजूर
इसके पहले बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने सवाल के जवाब में बताया कि प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित 38 जिले हैं। इनमें 28 अति संवेदनशील बंधे हैं।
इसके अलावा नेपाल के नवलपरासी स्थित बी गैप बांध व नेपाल बांध से महराजगंज, गोरखपुर व कुशीनगर जिले प्रभावित होते हैं।
इस तरह 30 अति संवेदनशील बंधे हैं। सरकार ने तटबंध व कटाव रोधक कार्यों के लिए 30.25 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इनमें 16.64 करोड़ जारी किए जा चुके हैं।