लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-के स्थित अटल सेवा केंद्र में रविवार को आशियाना रेजिडेंट्स एसोसिएशन की ओर से अटल ज्ञानशाला का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों का शिक्षा का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों ने मनमोहक गीत की प्रस्तुति से किया। मुख्य वक्ता पूर्व जीएसटी कमिश्नर एवं साहित्यकार एसएन अवस्थी ने कहा कि शिक्षा का अर्थ सिर्फ किताबी ज्ञान का हासिल करना नहीं है, बल्कि उस ज्ञान को अपने जीवन में अनुसरण करना भी है। जीवन में सफलता निरंतर अभ्यास से ही मिल सकती है। इस अवसर पर आईसीएसई बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 98.8% अंक प्राप्त करने वाली छात्रा अनुष्का अग्रवाल को सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को उपहार और खाद्य सामग्री दी गई। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव एसी अग्निहोत्री, उमेश चंद्र द्विवेदी, प्रतुल कुमार गुप्ता, नीरज पांडेय, आलोक द्विवेदी, अविनाश अग्रवाल, अतुल कुमार टंडन, डॉ. शंकर चटर्जी व 60 बच्चे मौजूद रहे।