अयोध्या : कांवड़ यात्रा से पहले मुख्य सचिव ने मंडलायुक्तों संग बैठक कर लिया तैयारी का जायजा
कांवड़ यात्रा शुरू होने पहले प्रशासन ने कमर कसनी शुरू कर दी है। इस कड़ी में मुख्य सचिव डॉ. अनूप चन्द्र पांडेय ने सभी पांचों मंडलायुक्तों के साथ अयोध्या में बैठक की। उन्होंने कहा कि आप सभी की तैयारी अच्छी व बेहतर है, लेकिन हमे और अधिक बेहतर समन्वय व आपसी तालमेल के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। इसमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य, नगर विकास, विद्युत, पीडब्लूडी, पंचायत, राष्ट्रीय राजमार्ग अभिकरण आदि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दो दिन के अन्दर अपनी सभी तैयारियां पूरी करें।
उन्होंने कहा कि मैं 15 जुलाई को वीडियो कॉनफ्रेंसिंग कर फिर से समीक्षा करूंगा। प्रदेश के प्रमुख गृह अरविन्द कुमार ने कहा कि हमें लगातार निगरानी की आवश्यकता है। वहीं डीजीपी ओपी सिंह ने तीन बिन्दुओं पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता बताई। इसमें ट्रेफिक मैनेजमेंट, भीड़ को नियन्त्रित करना व सभी मंडलों के जनपदीय अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल व रिस्पॉन्स देना शामिल है। उन्होनें यह भी बताया कि कांवड़ियों की आवश्यक सुविधाओं, व्यवस्थाओं, उनके पड़ाव स्थल पर्याप्त साफ-सफाई व चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था प्रमुख है।
पांचों मंडल लखनऊ, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, अयोध्या के अन्तर्गत आने वाले जनपदों की समीक्षा की गई। अयोध्या मंडल की तैयारी का प्रजेन्टेशन आयुक्त अयोध्या मंडल, अयोध्या मनोज मिश्र ने किया। साथ ही आईजी अयोध्या ने अयोध्या मंडल के पुलिस व्यवस्था व कानून व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक में मंडलायुक्त मनोज मिश्र ने कहा कि मंडल में कांवड़ यात्रा 17 जुलाई से 15 अगस्त 2019 तक होगी। इस दौरान कांवड़िया जनपद अयोध्या, बस्ती, गोंडा, अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर व अमेठी से होकर अयोध्या, सुल्तानपुर व अमेठी में गोमती से जल लेकर अपने गन्तव्यों/शिवालयों को जाते है।
उन्होनें बताया कि अयोध्या में कांवड़ियां सरयू जी का जल लेकर नया घाट, राम की पैड़ी से होते हुए नागेश्वरनाथ मंदिर पर जलाभिषेक करते हुए जाते हैं। इसी जनपद बाराबंकी में रामनगर महादेवा, अम्बेडकरनगर में शिवबाबा, टांडा में झारखंडी मंदिर एवं अन्य शिवालयों पर भारी संख्या में जलाभिषेक करते हैं।
उन्होनें बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए मंडलीय अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन व्यवस्था के बारे में बताते हुए कहा कि अयोध्या के मुख्य स्नान घाटों पर मोटर चालित नाव पर पीएससी के जवान, जल व थल बैरीकेटिंग, पब्लिक एडेस सिस्टम, कन्ट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
मंडलायुक्त ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए साफ-सफाई, पेयजल व अन्य व्यवस्थायें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य मार्गों पर पड़ने वाले टोल प्लाजाओं व थानों के निकट एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था व मार्गों को गढ्ढा व जल भराव न होने पाए इससे जुड़ी तैयारी करेंगे।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान निर्वाध बिजली व्यवस्था व मरम्मत के लिए टीमों की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, परिवाहन विभाग की तैयारियों, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग व अन्य सभी बिन्दुओं की तैयारी की विस्तृत जानकारी दी।