UP: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में जुड़े 12 नए ट्रेड, सीएम योगी बोले- यूपी अब बीमारू राज्य नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय विश्वकर्मा एक्सपो-2025 का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने योजना में 12 नए ट्रेड शामिल करने का ऐलान किया।
विस्तार
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय विश्वकर्मा एक्सपो-2025 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 12 नए आधुनिक ट्रेड्स को जोड़ने की घोषणा की। अब इस योजना में कुल 23 ट्रेड हो जाएंगे।
सीएम ने कहा कि नए क्षेत्रों को जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भरता, आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए बैंकों द्वारा 1.32 लाख करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। सीएम ने कार्यक्रम में प्रदेश के 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
ये भी पढ़ें - '86 में 56 एसडीएम यादव बनाए... पिछड़ों को धोखा दिया', मंत्री ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर आरोप
ये भी पढ़ें - मुख्यमंत्री योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी सौगात, मिलेगा स्मार्टफोन, बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े आठ साल में हमारे कारीगरों और शिल्पकारों ने यूपी को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर विकास का ग्रोथ इंजन बना दिया है। अब कोई मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ही इसे बीमारू राज्य कहता होगा। यूपी अब असीमित क्षमता वाला प्रदेश हो चुका है। इस अवसर पर 25 कंपनियों और संगठनों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू साइन किए गए। ये कंपनियां परंपरागत कारीगरों को नई तकनीक से प्रशिक्षित करेंगी।
ये ट्रेड जोड़े गए: मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक गुड्स रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिकल गुड्स रिपेयरिंग, प्लंबर, कंप्यूटर रिपेयरिंग, सोलर पैनल रिपेयरिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, ब्यूटी एंड वेलनेस, गारलैंड मेकर, मछली पालन और भड़भूजा शामिल हैं।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है ग्रामीण भारत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा एक्सपो-2025 समारोह में महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचार को याद करते हुए कहा कि पहले गांव आत्मनिर्भर हुआ करते थे। वहां के कारीगर व शिल्पकार ही सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को मजबूती देते थे। उन्होंने कहा कि आज हमारे कारिगरों के पास सबकुछ है। आज क्रिकेट और फुटबॉल दुनियाभर में खेला जाता है, मगर उसकी सामग्री मेरठ में तैयार होती है।
111 कनिष्ठ सहायकों को दिए नियुक्तिपत्र
सीएम ने प्रदेश के 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने मंच से 11 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि तीन दिन विश्वकर्मा एक्सपो के बाद 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, पूर्व एमएलसी मोहसिन रजा, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, सचिव प्रांजल यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
प्रशिक्षण के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर
इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों और संगठनों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू साइन किए गए। ये कंपनियां परंपरागत कारीगरों को नई तकनीक से प्रशिक्षित करेंगी।
एमएसएमई सेक्टर के लिए 1.32 लाख करोड़ का ऋण
कार्यक्रम में प्रदेशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए बैंकों द्वारा 1.32 लाख करोड़ का ऋण वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि कई राज्यों के वार्षिक बजट से भी अधिक है। मंच से सीएम योगी ने सीतापुर की शशि देवी को 2 लाख और लखनऊ की अंशु शर्मा को 9.5 लाख का ऋण दिया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के 12,000 कारीगरों को टूलकिट दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में जहां 100 रुपये जमा पर केवल 44 रुपये का ऋण मिलता था, वहीं आज यह अनुपात 62 प्रतिशत हो गया है।
सीएम के हाथों मिले सम्मान में लखनऊ की आधी आबादी रही आगे
विश्वकर्मा जयंती पर सीएम योगी के हाथों सम्मान पाने में लखनऊ की आधी आबादी आगे रही। लखनऊ की प्रियंका तिवारी, अंशू शर्मा और सविता श्रीवास्तव को सीएम के हाथों सम्मान मिला। वहीं, युवक रितिक कनौजिया को सीएम ने वॉशिंग मशीन और प्रेस दिया। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को सीएम योगी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट का वितरण किया। इसमें महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई। सीएम योगी के हाथों सिलाई मशीन व प्रेस पाने वाली लखनऊ की प्रियंका तिवारी ने बताया कि वह सिलाई कढ़ाई का काम करती हैं। सिलाई मशीन उनके काम को आसान करेगी। सीएम के हाथों मशीन मिलने से वह बेहद खुश हैं। वहीं,मलिहाबाद से पहुंची अर्चना, काजल कश्यप और पूनम ने बताया कि वह सिलाई कढ़ाई का काम करती हैं। लंच पैकेट के साथ हम लोगों को झोला मिला है, जिसमें इंचीटेप व प्रेस है। सिलाई मशीन बाद में मिलेगी। बताया कि पिछले साल ट्रेनिंग हुई थी। होली में चार हजार रुपये भी मिले थे।
नियुक्ति पत्र मिलने से गदगद हुईं सविता
पीजीआई क्षेत्र की रहने वाली सविता श्रीवास्तव को सीएम योगी ने कनिष्ठ सहायक का नियुक्ति पत्र सौंपा। बताया कि लखनऊ में ही उद्योग विभाग में पोस्टिंग मिली है। अगस्त 2022 में परीक्षा दी थी। सीएम योगी का धन्यवाद कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत उनको रोजगार मिल सका।
बैटरी के उद्यम के लिए मिले 9.5 लाख
सीएम योगी ने अंशू शर्मा को उद्यम लगाने के लिए 9.5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। अंशू ने बताया कि कर्ज मिलने से उनका काम और बढ़ेगा। बैटरी मैन्युफैक्चरिंग का काम शुरू किया है। सीएम योगी को धन्यवाद दिया।
अब हाथों से नहीं धुलने पड़ेंगे कपड़े
गोमतीनगर के रहने वाले रितिक कनौजिया को वॉशिंग मशीन और प्रेस मिला। बताया कि वह कपड़ा धुलने व प्रेस करने का काम करते हैं। वाशिंग मशीन से हाथ से कपड़े नहीं धुलने पड़ेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.