स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को देंगे जिम्मेदारी, हर महीने 6,000 मिलेंगे : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास से ग्राम स्वराज्य अभियान कार्यक्रम के तहत 75 हजार से अधिक सामुदायिक भवनों व शौचालयों का शिलान्यास-लोकार्पण किया। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों के जरिए 59 हजार महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का एलान किया।
प्रदेश की ग्राम पंचायतों में बनने वाले इन शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को मिलेगी। उन्हें हर महीने 6000 रुपये देने का फैसला हुआ है। मुख्यमंत्री ने 377 पंचायत भवनों व 18847 सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण तथा 21 हजार पंचायत भवनों व 35 हजार शौचालयों का एक साथ शिलान्यास किया। इनके निर्माण में 7053.45 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामुदायिक शौचालय बहू-बेटियों की सुरक्षा और सफाई के लिहाज से मील का पत्थर साबित होंगे। इनकी साफ-सफाई में करीब 59000 महिलाओं को गांव में रोजगार मिलेगा। यह महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन और सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा कदम होगा।
इस मौके पर प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह व पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल व प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री व सूचना संजय प्रसाद आदि उपस्थित रहे।
Lucknow: UP CM Yogi Adityanath attends E-Inauguration ceremony of community toilets & Panchayat Bhawan in the state
— ANI UP (@ANINewsUP) October 19, 2020
"We achieved the target of making Uttar Pradesh 100% open defecation free before deadline. Building community toilets are part of Swachh Bharat Mission," he said pic.twitter.com/ZWPBOrAeAN
सामुदायिक भवन बनेंगे मिनी सचिवालय
विंध्य क्षेत्र की पेयजल योजना का मोदी करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि प्रदेश के हर नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बुंदेलखंड के लोगों को शुद्ध पानी मुहैया कराने का काम जारी है। विंध्य क्षेत्र के लिए कार्ययोजना तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्दी ही इसके शिलान्यास का आग्रह करेंगे। अगले चरण में प्रदेश के आर्सेनिक एवं फ्लोराइड से प्रभावित जिलों और डार्क जोन वाले क्षेत्रों में भी शुद्ध पानी मुहैया कराएंगे। उन्होंने कहा कि हर स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र में सौ दिनों में शुद्ध पानी उपलब्ध होगा।
स्वच्छता की कीमत पूर्वी यूपी वालों से जानें
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता की कीमत क्या हो सकती है, इसका महत्व पूर्वी उतर प्रदेश से अधिक और कोई नहीं समझ सकता। इस मिशन के कारण इंसेफेलाइटिस से मौत के आंकड़ों को 95% कम करने में मदद मिली है। मस्तिष्क ज्वर से जिन क्षेत्रों में सैकड़ों मौतें होती थीं, वह आंकड़े अब न्यूनतम स्तर पर आ चुके हैं।
योगी ने बेहतर काम करने वाली महिलाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने बेहतर काम करने वाली महिलाओं से बात भी की। उन्होंने कहा कि वे सफाई के काम को आगे बढ़ाएं। लोगों को भी प्रेरित करें। अगर लोगों ने सफाई को अपनी आदत का हिस्सा बना लिया तो इससे होने वाले अधिकांश रोग अपने आप खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आप सबके हर बेहतर काम में सरकार हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ के दयानंद स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष नीरज कुमारी और सफाई का काम देखने वाली पूनम देवी, गोरखपुर के पिपराइच ब्लाक की प्रधान सुधा सिंह, ललितपुर के मड़वारा ब्लाक की प्रधान रुचिका बुंदेला, प्रयागराज के ब्लॉक होलागढ़ के प्रधान सुमंत लाल तिवारी और मीरजापुर के ब्लाक सीखड़ की प्रधान सपना सिंह से बात की।
गांव-गरीब और किसानों के हित में यूपी में रिकॉर्ड काम हुए: तोमर
केंद्रीय पंचायती राज ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि गांव हमारी अर्थव्यवस्था की नींव हैं। यह नींव मजबूत रहेगी तो बड़े से बड़े संकट से भी हम आसानी से पार पा सकेंगे। केंद्र सरकार गांव,गरीब और किसान को केंद्र में रखकर कई योजनाएं चला रही हैं। इनका सबका मकसद गांवों को सशक्त और आत्म निर्भर बनाना है। बजट के आवंटन में भी इस पर ध्यान दिया गया है। योगी की अगुआई में इस क्षेत्र में रिकॉर्ड काम हुए हैं।
अगले चरण में आदर्श गांव बनाएंगे: शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने साबित कर दिखाया है कि अगर ठान लें तो कोई भी काम मुश्किल नहीं है। सामुदायिक शौचालय या पंचायत भवन सिर्फ निर्माण कार्य नहीं हैं, यह लोगों के जीवन और व्यवहार बदलने का जरिया भी हैं। स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण के जरिए हम सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह की ओर बढ़ रहे हैं। अगले चरण में हम स्वच्छता के लिहाज से आदर्श गांव बनाएंगे। गांवों में कचरा प्रबंधन भी शुरु करेंगे।