चूहों के आतंक से परेशान हुआ रेलवे, मारने के लिए दी 4 लाख की सुपारी
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर चूहों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि अब रेलवे ने इन्हें मारने के लिए एक प्राइवेट कंपनी को 4.76 लाख रुपये की सुपारी दी है।
एक अधिकारी का कहना है कि पिछले एक वर्ष में प्लेटफॉर्म पर मौजूद विक्रेताओं को इनसे लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, रेलवे के दस्तावेजों को भी कुतर कर भारी नुकसान पहुंचाया है।
तीन वर्षों में यह दूसरी बार है जब इन्हें मारने के लिए किसी कंपनी को ठेका दिया गया है। यात्रियों को भी चूहों ने खासा परेशान किया है और आए दिन उनका बैग और कपड़े कुतर कर खराब कर देते हैं।
देखने में लगभग आधा किलो वजन के लगते हैं
एक दैनिक यात्री का कहना है कि देखने में ये आधा किलो से भी ज्यादा के भार वाले नजर आते हैं, जो कि बच्चों के लिए डरावना होता है और अगर आप लापरवाही से इधर-उधर बैठ गए तो इनके काटने का भी भय बना रहता है।
एक विक्रेता का कहना है कि इनके बिल इतने बड़े हैं कि ये प्लेटफार्म नंबर 2 से घुसते हैं तो 5 पर जाकर निकलते हैं। इसलिए इन्हें यहां से हटा पाना बेहद मुश्किल हो रहा है।
रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अजित कुमार सिन्हा का कहना है कि हमने एक प्राइवेट कंपनी को चूहे मारने का ठेका दिया है, लेकिन इसके लिए कोई समय-सीमा नहीं है कि कब तक हम इस काम को पूरा कर लेंगे। अगस्त के अंतिम सप्ताह में कंपनी अपना काम शुरू कर देगी।