यूपी : मुश्किल में फंसे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के खिलाफ फैजाबाद कोतवाली में एक युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन दिन पहले फैजाबाद निवासी समीर पांडे ने आत्महत्या कर ली थी और सुसाइड नोट में खत्री नाम भी लिया गया था, जिसके बाद मृतक के परिजनों ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मालूम हो कि नगर कोतवाली के कोठा पार्चा क्षेत्र के निवासी समीर (41) का शव बुधवार सुबह उनके कमरे में फंदे से लटका मिला था। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें मृतक ने अपने आपको नालायक बेटा कहते हुए माता-पिता से बच्चों का ध्यान रखने की बात कही है। साथ ही कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री के बारे में लिखा था कि वह पावरफुल आदमी हैं, उनसे मुकदमा मत लड़िए।
मृतक के पिता अंजनी पांडेय, माता सत्या पांडेय व भाई सिद्धार्थ पांडेय ने आरोप लगाया कि राम वल्लभा इंटर कॉलेज की संपत्ति को लेकर पूर्व सांसद से उनका विवाद चल रहा है, जिसको लेकर वह लगातार सुलह करने का दबाव डाल रहे थे। इसी से परेशान होकर समीर ने आत्महत्या की है।
नगर कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को समीर के परिवारीजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
खत्री ने कहा- आरोप बेबुनियाद
निर्मल खत्री ने कहा कि उन्होंने भी समीर पांडेय का सुसाइड नोट देखा है, इसमें उन पर किसी तरह का आरोप या उत्पीड़न जैसी बात नहीं लिखी गई है। सुसाइड नोट में बेटे ने पिता को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राम वल्लभा इंटर कॉलेज ड्योढ़ी के प्रबंध समिति का मामला काफी पुराना है, जिसमें समीर के पिता अंजनी पांडेय की ओर से 8-9 साल से मुकदमा लड़ा जा रहा है, जो हाईकोर्ट में लंबित है। बेटे की आत्महत्या के बाद माता-पिता उन पर बेवजह आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर सही तथ्य सामने लाएगी।