Lucknow News : लखनऊ में धंसी सड़क और उसमें समा गई कार, ठेकेदार पर एफआईआर के साथ लगेगा जुर्माना
लखनऊ में गोलागंज में मंगलवार सुबह सड़क धंसने से एक कार उसमें आधी समा गई। यह सड़क स्मार्ट सिटी योजना में गहरी सीवर लाइन डालने के बाद तीन साल पहले बनाई गई थी। हादसे के बाद अब कागजी खानापूरी की जा रही है।
विस्तार
लखनऊ में गोलागंज में मंगलवार सुबह सड़क धंसने से एक कार उसमें आधी समा गई। यह सड़क स्मार्ट सिटी योजना में गहरी सीवर लाइन डालने के बाद तीन साल पहले बनाई गई थी। हादसे के बाद अब कागजी खानापूरी की जा रही है। जल निगम के अधिशासी अभियंता पीयूष मौर्या ने ठेकेदार कंपनी केकेस्पन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और उस पर जुर्माना लगाने की बात की है। वहीं स्मार्ट सिटी कंपनी के अपर मुख्य र्काकारिणी अधिकारी पंकज सिंह ने भी जल निगम को घटिया निर्माण को लेकर ठेकेदार के खिलाफ विधिक कार्यवाही के लिए नोटिस भेजी है। कार किसकी की थी उसमें कितने लोग सवार थे यह जानकारी नहीं मिली है मगर क्षेत्रीय पार्षद ने बताया कि टैक्सी कार (ओला या उबर) थी।
क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद हलीम ने बताया और उनके साथ रहने वाले इमरान ने बताया कि सुबह सोमवार रात करीब नौ बजे क्रिश्चियन कालेज के पास सडक़ सीवर लाइन केमैनहोल केपास एक छोटा गड्ढा हो गया था। लोगोंं ने उसमें ऐतियात के लिए पेड़ की डाल लगा थी ताकि लोग बच के निकल सकें। रात में बारिश का पानी उसमें गया जिससे सड़क अंदर से खोखली हो गई। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे यह पता चला कि सड़क बैठ गई और एक कार उसमें समा गई है। पार्षद हलीम ने बताया कि सबसे पहले नगर निगम को सूचना दी गई। उसके बाद जल निगम को भी बताया गया। हलीम ने बताया कि आसपास मजदूर ज्यादा रहत हैं उन लोगों ने सबसे पहले कार में बैठे लोगों बाहर बाहर निकाला। उसके बाद धक्का लगाकर कार को निकलवा दिया। कार में बोनट ही दबा बाकी हिस्सा सही था। कार में पीछे जो लोग बैठे थे वह भी सुरक्षित थे मगर दहशत में थे। उसके बाद गाड़ी वाला चला गया।
धंसी सड़क सही करने में लगा चार ट्रक मलवा
नगर निगम के सहायक अभियंता सतीश रावत और किशोरी लाल ने बताया कि जानकारी के बाद टीम मौकेपर गई। जेसीबी से सड़क के धंसे हिस्से को हटाया गया। उसके बाद उसमें मलवा डालकर पाटा गया। गड्ढ़ा बड़ा था उसमें चार ट्रक मलवा लगा है। सड़क को जो हिस्सा धंसा है वह सीवर मैनहोल के पास का है। इस रोड पर गहरी सीवर लाइन करीब 10 मीटर गहराई में तीन साल पहले स्मार्ट सिटी योजना में जल निगम ने डाली है।
पार्षद को डर और भी धंस सकती हैं सड़क
क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद हलीम ने का कहना है कि स्मार्ट सिटी में जो सड़क बनाई गई है उसका फुटपाथ ऊंचा कर दिया गया है। जिससे जल निकासी ठप हो गई। कुछ जगहोंं पर जाली लगाई गई है मगर उससे कूड़ा फंसने से पानी भर जाएगा। सड़क में थोड़ी- थोड़ी दूर पर चैंबर बनाए गए हैं ऐसे में पानी भरेगा तो फिर मैनहोल केपास सडक़ बैठेगी। काम बहुत खराब तरीकेसे किया गया। इसे सही कराया जाए वरना बारिश में और सडक़ भी धंसेंगी।
ठेकेदार पर एफआईआर, जुर्माना भी लगेगा
जल निगम के अधिशासी अभियंता पीयूष मौर्या ने बताया कि सीवर लाइन डाले जोन के बाद करीब तीन साल पहले सडक़ बनाई गई थी। यह काम ठेेकेदार कंपनी केके स्पन ने किया है। अभी सडक़ बनाने की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की ही है। घटिया काम को लेकर ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। सड़क की मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। जहां पर सड़क धंसी है वहां पर पानी की निकासी का इंतजाम नहीं था। क्रिश्चियन कालेज में बहुत पानी भरा था। वह सब भी मैनहोल के पास रिसकर चला गया। जिससे सड़क बैठ गई। पानी की निकासी होती तो सड़क नहीं बैठती।