शराब व रफ्तार ने छीनी दो दोस्तों की जिंदगी, तीन की हालत नाजुक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंबे समय बाद मुलाकात हुई तो पांच दोस्तों ने हजरतगंज में मॉडल शॉप पर पार्टी मनाने का प्लान बना लिया। यहां से मंगलवार की देर रात घर लौटते हुए उनकी कार ठाकुरगंज में हरदोई रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य घायलों को पुलिस ने कार के दरवाजे काटकर बाहर निकाला और ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान काकोरी के दुबग्गा स्थित अवध इन्कलेव निवासी टिंबर व्यवसायी रिजवान रजा (35) और उन्नाव के बस्तौली खेड़ा निवासी अजमुद्दीन (40) के रूप में हुई है।
अजमुद्दीन अपने भांजे रईस के साथ रिजवान रजा से मिलने आया था। इसके बाद वह लोग दुबग्गा निवासी प्रॉपर्टी डीलर आमिर और अब्दुल सलाम से मिले।
बीयर पीने के बाद देर रात लौट रहे थे घर
पांचों दोस्तों ने हजरतगंज में मॉडल शॉप पर पार्टी मनाने का प्लान बनाया और फिर सभी आमिर की स्विफ्ट डिजायर कार पर सवार होकर रवाना हो गए। हजरतगंज में सभी दोस्तों ने बीयर पी और देर रात घर लौट रहे थे।
घायल रईस और अब्दुल सलाम ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। वह लोग हजरतगंज से निकले और तालकटोरा होते हुए ठाकुरगंज क्षेत्र में हरदोई रोड पर पहुंचे।
वहां बरदानी बाबा मंदिर के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे से उतरकर सीधे चिलवल के पेड़ में जा घुसी। बालागंज चौकी इंचार्ज आरबी पाल ने बताया कि रात लगभग साढ़े बारह बजे दुर्घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।
काफी मशक्कत के बाद कार से निकाला
कार के परखच्चे उड़ चुके थे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद उनका बाहर निकाला। रिजवान और अजमुद्दीन की वहीं मौत हो चुकी थी। जबकि तीन अन्य घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
तेज आवाज के गाने से भटका ध्यान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना से पहले कार में फुल साउंड में गाना बज रहा था। नशे होने की वजह से और तेज आवाज में गाना सुनते हुए ड्राइविंग की वजह से ही चालक आमिर का ध्यान भटक गया और कार पेड़ से जा टकराई।
बाएं से भिड़ी कार, इसलिए तीन बच गए
कार की टक्कर इतनी तेज थी चिलवल के पेड़ की जड़े तक हिल गईं। पेड़ एक तरफ से तिरछा हो गया। वहीं कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार बायें तरफ की ओर से ही भिड़ी, जिससे की तीन लोग जिंदा बच गए।