पंचायत चुनाव: अंतिम दौर के लिए प्रचार थमा, अब मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव के चौथे व अंतिम दौर में मोहनलालगंज और गोसाईगंज ब्लॉक में प्रचार का शोर मंगलवार शाम पांच बजे थम गया। इसके साथ ही जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई।
इन दोनों ही ब्लॉक में जिला पंचायत के 9 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 223 पदों के लिए 1383 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद प्रत्याशी व समर्थक अब खामोशी के माहौल में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। वहीं, प्रशासनिक अमला शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी में है।
अंतिम चरण में होने वाले मोहनलालगंज व गोसाईगंज ब्लॉक में मतदान के लिए 228 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मोहनलालगंज में 1,82,255 मतदाताओं के लिए 136 मतदान केंद्रों पर 280 बूथ बनाए गए हैं। उधर, गोसाईगंज में 1,46,676 मतदाता 92 मतदान केंद्रों के 208 बूथों पर मतदान करेंगे।
मोहनलालगंज ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य के पांच पदों के लिए 92 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 124 पदों के लिए 632 प्रत्याशी लड़ रहे हैं। गोसाईगंज में जिला पंचायत सदस्य के 4 पदों के लिए 56 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 99 पदों के लिए 598 प्रत्याशी मैदान में हैं।
शांति से मतदान करने को प्रशासन ने अपनाया ये तरीका
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को 3 जोन व 27 सेक्टर में बांटते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस फोर्स को तैनात किया है। दोनों ही ब्लॉक में 110 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
यहां पूरे समय स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। मतदान की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पांडेय ने बताया कि दोनों ही क्षेत्र में जिलाधिकारी, एसएसपी व एडीएम मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
आचार संहिता दरकिनार, रात तक चला प्रचार
मोहनलालगंज व गोसाईगंज में मंगलवार शाम पांच बजे प्रचार थमने के बाद भी प्रत्याशी व समर्थक देर रात तक प्रचार में जुटे रहे। मतदान से पूर्व अंतिम प्रयास में हर प्रत्याशी ने पूरी ताकत झोंक दी है।
वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए नाते रिश्तेदारी से लेकर जाति व धर्म को माध्यम बनाया जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने प्रचार होता देख पुलिस की मदद से इसे बंद भी कराया। प्रत्याशी अब बुधवार को घर-घर जाकर वोटरों को रिझाने की कोशिश करेंगे।
फैक्ट फाइल--मोहनलालगंज--गोसाईगंज
वोटर--1,82,255--1,46,676
कुल पद--129--103
प्रत्याशी--724--654
मतदान केंद्रों की संख्या--136--92
अति संवेदनशील केंद्र--58--52