दिन में तीन बार सैनिटाइज कर रहे शोरूम व दुकान, बिना दस्ताने पहने नही छू सकते गहने
महानगर के सराफा कारोबारी एवं व्यापारी नेता कन्हैया लाल वर्मा ने बताया कि खुद और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए नियम बना दिए। एक तो शोरूम में दाखिल होने से पहले जूता चप्पल बाहर ही उतारना पड़ेगा और गहने छूने के लिए दस्ताने पहनने पड़ेंगे। ग्राहक इसका पालन कर रहे हैं।
लखनऊ व्यापार मंडल की महानगर इकाई के संयोजक एवं सराफा कारोबारी अजय अग्रवाल ने बताया कि जब से शोरूम बाजार खुले हैं, तब से अधिकतर बड़े शोरूम में ग्राहकों को मॉस्क चेंज करने के बाद ही एंट्री दी जा रही है। जो लोग घर से मास्क लगाकर आते हैं, उसे शोरूम के बाहर ही डस्टबिन में फिकवा देते हैं।
गहने की मेकिंग कॉस्ट पर 75% तक छूट
महानगर के सराफा कारोबारी कन्हैयालाल वर्मा ने बताया कि सहालग में ऑफर की स्कीम लागू करते हैं। आम दिनों में 50 फीसदी छूट दे रहे हैं। जबकि कारोबारी अजय अग्रवाल ने बताया कि वह अपने शोरूम में गहने खरीदने वालों को मेकिंग कॉस्ट पर 75 फीसदी छूट दे रहे हैं।
फैजाबाद रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुहेल हैदर अली ने बताया कि इस बाजार के कारोबारी बहुत डरे हैं। इसकी वजह है कि निशातगंज और फातिमा हॉस्पिटल तक कोरोना की दस्तक हो चुकी है। इसलिए बाजार में आने वाले ग्राहकों से सतर्कता बरती जा रही है। उनके हाथ को सैनिटाइज कराकर और नया मॉस्क पहनाने के लिए कारोबारियों को जागरूक कर रहे हैं। इसके लिए रोजाना शाम को बैठक भी होती है।
ग्राहकों के जाते ही काउंटर का सैनिटाइजेशन
फैजाबाद रोड व्यापार मंडल की वरिष्ठ महामंत्री सतनाम सखी ने बताया कि मेडिकल स्टोर जोकि काफी हाइजीनिक माना जाता है, इसलिए पूरे स्टाफ को दस्ताना और मास्क पहनकर काउंटर पर खड़ा होना पड़ता है। कस्टमर के जाने के बाद काउंटर को सैनिटाइज करते हैं और दुकान बंद करने के वक्त भी सैनिटाइज करके बंद करते हैं ।
ग्राहक भी रख रहे पूरा ध्यान
परिवार में शादी के लिए गहने खरीदने आए अलीगंज निवासी काजल शुक्ला परिवार के साथ महानगर स्थित एक शोरूम में गहने पसंद कर रही थीं। उनका कहना था कि परिवार में शादी की पहली रस्म के तहत तीन जुलाई को एंगेजमेंट है। गहने खरीदने से पहले चेहरे पर मास्क लगाया और हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही घर से कदम निकालते हैं।