अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति लगाने के लिए 200 करोड़ दे सकती है योगी सरकार, ऐसा होगा यूपी का बजट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव से पहले पेश होने वाले योगी सरकार के बजट में धार्मिक और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे को धार दी जाएगी। अयोध्या में भगवान श्रीराम की दुनिया में सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने के लिए पैसा मिलेगा।
वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल 7 फरवरी को विधानमंडल में भाजपा सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे। पर्यटन विभाग ने अयोध्या में सरयू किनारे भगवान श्रीराम की 221 मीटर ऊंची मूर्ति लगाने के लिए 200 करोड़ का बजट प्रस्ताव दिया है।
इस राशि से मूर्ति के लिए जमीन खरीदने के साथ जमीन को विकसित किया जाएगा। मूर्ति लगाने के लिए शुरुआती राशि राज्य सरकार देगी, उसके बाद जन सहभागिता और कंपनियों की सीएसआर फंड से मूर्ति स्थापित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर, वाराणसी, मथुरा, प्रयागराज, अयोध्या और नैमिषारण्य जैसे हिंदू धार्मिक आस्था केंद्रों के लिए भी 100 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव दिया है। इन स्थानों में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के साथ पर्यटन सुविधाओं का विकास भी किया जाएगा।
मथुरा व ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए भी मिलेगा धन
विभाग ने मथुरा में कुंडों के विकास, आगरा में पर्यटन विकास और बौद्ध परिपथ के लिए भी 70 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव दिया है। ब्रज तीर्थक्षेत्र में हो रहे कार्यों के लिए भी 100 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव दिया गया है।
गोरखपुर में रामगढ़ ताल में वाटर स्पोर्ट्स की योजना को आगे बढ़ाने, अयोध्या में दीपोत्सव, बरसाने की होली, चित्रकूट महोत्सव सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए भी 50 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव दिए हैं।
विभाग ने केंद्र सरकार और अन्य विभागों की सहायता से चल रही पर्यटन विकास योजनाओं के लिए भी 50 करोड़ से अधिक का प्रस्ताव दिया है।