'बसपा नंबर वन, भाजपा-सपा में नंबर दो व तीन की लड़ाई'
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि भाजपा व सपा दूसरे व तीसरे नंबर के लिए आपस में लड़ रही हैं। बसपा नंबर एक पर है और उससे किसी की लड़ाई नहीं है।
राज्यसभा के लिए लगातार तीसरी बार बसपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के बाद वह पत्रकारों से मुखातिब थे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा यूपी के विधानसभा चुनाव में सपा से सीधी लड़ाई बताने के सवाल पर उन्होंने यह बात कही।
मिश्र ने कहा, शाह भाजपा की सपा से लड़ाई की बात कह कर क्या संदेश देना चाहते हैं यह समझने वाली बात है। वास्तव में वे दूसरे और तीसरे नंबर की लड़ाई की बात कर रहे हैं। इसलिए उनका मुकाबला उन्हीं से है।
देखना यह है कि सपा तीसरे नंबर पर आएगी या भाजपा।बसपा तो नंबर एक पर है ही। बसपा का किसी पार्टी से कोई मुकाबला नहीं है।
दो साल पूरे करने वाली सरकार का कार्यकाल फेल
बसपा महासचिव ने भाजपा की केंद्र सरकार के दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह फेल बताया। कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ लोगों से छलावा करने वाली सरकार साबित हुई है। उसने दो साल में कोई भी वादा पूरा नहीं किया।
कानून-व्यवस्था होगा मुख्य चुनावी मुद्दा
यूपी के विधानसभा चुनाव में बसपा के मुद्दे के सवाल पर मिश्र ने कहा, सूबे की ध्वस्त कानून-व्यवस्था हमारे लिए मुख्य मुद्दा होगा। इसके अलावा बसपा राज में जिस तरह के विकास हुए वह भी किसी से छिपा नहीं है। बसपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।
किसी उद्योगपति को नहीं बनाया गया प्रत्याशी
बसपा नेता से सपा और बसपा द्वारा राज्यसभा के लिए एक भी मुस्लिम उम्मीदवार न उतारने और सपा में राज्यसभा से जबकि बसपा से परिषद के लिए एक-एक उद्योगपति को मौका देने पर सवाल हुआ।
मिश्र ने सपा से मुस्लिम उम्मीदवार न बनाने और एक उद्योगपति को मौका देने का सवाल दूसरी पार्टी का आंतरिक मसला कहकर टाल दिया, लेकिन बसपा के फैसले पर सफाई देने की कोशिश की।
कहा, मुनकाद अली अल्पसंख्यक वर्ग से हैं और राज्यसभा सदस्य हैं। मायावती ने ही उन्हें मौका दिया है। उनका कार्यकाल भी अभी बाकी है। उन्होंने साफ किया कि बसपा से किसी भी उद्योगपति को प्रत्याशी नहीं बनाया गया है।
बसपा के सभी प्रत्याशी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता और लगातार काम करने वाले लोग हैं। उन्होंने खुद को तीसरी बार राज्यसभा के लिए मौका देने पर मायावती के प्रति आभार जताया।
न हम क्रिकेट खेलते हैं, न टीम बनाते हैं
सपा में विधान परिषद के जरिये टीम अखिलेश तैयार करने के सवाल पर सतीश मिश्र ने कहा,हम यहां न तो क्रिकेट खेलते हैं और न ही टीम बनाते हैं। जो लोग क्रिकेट के शौकीन हैं उन्हें टीम बनाने दीजिए। बसपा अपने आप में एक टीम है और इसका नेतृत्व मायावती कर रही हैं।
मायावती ने हर वर्ग को दिया मौका : मौर्य
बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मुस्लिम प्रत्याशी न उतारने पर सफाई दी औरबसपा को सर्वसमाज को भागीदारी देने वाली पार्टी बताया।
कहा, बसपा अध्यक्ष ने राज्यसभा के लिए ब्राह्मण व दलित और परिषद के लिए दलित व पिछड़ा वर्ग को मौका दिया है। मुस्लिम वर्ग से मुनकाद अली राज्यसभा व नसीमुद्दीन सिद्दीकी विधान परिषद भेजे जा चुके हैं।
बसपा ने सर्वसमाज का जो नारा दिया है, मायावती ने उस पर अमल किया है। इसके लिए उन्हें बधाई दी जानी चाहिए।