मोबाइल के चार्जर से उतरा करंट,युवक की मौत
लखनऊ के काकोरी में मंगलवार की सुबह मोबाइल फोन के चार्जर में उतरे करंट की चपेट में आकर बीबीए छात्र सौरभ पांडेय की मौत हो गई। हादसा बारिश के कारण भीगी दीवार पर टंगे बिजली बोर्ड में चार्जर लगाते समय हुआ।
रिश्तेदारों का कहना है कि चार्जर का तार कटा होने से दुर्घटना हुई।काकोरी में गुड़गुड़ी तालाब निवासी अरविंद पांडेय बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर हैं। वह इस समय सिलीगुड़ी में तैनात हैं।
उनका इकलौता बेटा सौरभ (21) सरदार भगत सिंह प्रोफेशनल स्टडीज कॉलेज बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र था। मंगलवार की सुबह सौरभ बरामदे में लगे बिजली बोर्ड में मोबाइल का चार्जर लगाने लगा और करंट की चपेट में आ गया।
कुछ ही दिन पहले खरीदा था चाइनीज चार्जर
काफी देर बाद वह तार से छूटकर नीचे गिरा तो आवाज सुन मां ऊषा किचन से बाहर निकलीं। बेटे को जमीन पर गिरा देखा आननफानन में वह पड़ोसियों की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचीं। वहां पर डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया।
सौरभ के मोबाइल फोन का असली चार्जर कुछ दिन पहले खराब हो गया था। इसके बाद उसने चाइनीज चार्जर खरीदा था। इस चार्जर का तार कटा हुआ था।
लोगों का कहना है कि उसके घर की वायरिंग में भी अर्थिंग की समस्या थी।बारिश से भीगी दीवार में लगे बिजली बोर्ड में चार्जर लगाते समय हादसा हुआ।