कोरोना संकट से निपटने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल : अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कोरोना वायरस के संकट से निपटने में अदूरदर्शिता व अव्यावहारिक निर्णयों के चलते भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। ठोस व सकारात्मक कदम उठाने की जगह छिटपुट फौरी फैसलों से सरकार जनता को सिर्फ गुमराह कर रही है। श्रमिकों के पलायन और उनकी बेरोजगारी से अराजकता जैसी स्थिति बन रही है।
अखिलेश ने बयान में कहा, प्रवासी मजदूरों के दयनीय हाल पर सरकार सिर्फ घड़ियाली आंसू बहा रही है। लाचार मजदूरों की अनदेखी की जा रही है। रेल पटरियों से लेकर राजमार्ग, खेत से लेकर खलिहान तक लहूलुहान हो रहे हैं। इंदौर बाईपास पर बारी-बारी एक युवक फिर महिला बैलगाड़ी में एक बैल की जगह खुद जुतकर परिवार को खींच रहा है, यह दृश्य निहायत शर्मनाक और अमानवीय है। आगरा में एक महिला अपने बच्चे के साथ सामान घसीटते हुए ले जाने को मजबूर है।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में कई प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। पहले ट्रेन और अब बस हादसा। बिखरी पड़ी चप्पलें, बिस्कुट, पूड़ियां बता रही थीं कि वे कितनी मुसीबतों से लंबी यात्रा पर निकले थे। कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में डीसीएम ट्रक की टक्कर में भी तमाम श्रमिक मरे और घायल हुए।
अहमदाबाद से मजदूरों को लेकर डीसीएम बलरामपुर जा रही थी। फतेहपुर, रायबरेली में घर लौट रहे श्रमिक अपनी जान गंवा बैठे। जगह-जगह मजदूरों और कामगारों के मारे जाने की खबरें विचलित करने वाली हैं। इसके लिए भाजपा सरकारें जिम्मेदार हैं।
गरीबी की कीमत कब तक मौत से चुकाएंगे
अखिलेश ने कहा, अमीरों को हवाई जहाज भेजकर एयरलिफ्ट कराने वाली भाजपा सरकार जमीन पर गाड़ियों के नीचे कुचले जा रहे मजदूरों की मौत पर असंवेदनशील क्यों है? कब तक ये अपनी गरीबी की कीमत मौत से चुकाते रहेंगे। ‘वंदे भारत मिशन’ में क्या देश की गरीब जनता नहीं आ सकती है।
घरेलू हिंसा दोगुनी, हादसे तीन गुना बढ़े
सपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा सरकार अपना खजाना भरने को जब शराब बिकवाएगी तो अपराध बढ़ेंगे ही। लॉकडाउन में शराब बिक्री के बाद घरेलू हिंसा दोगुनी और सड़क हादसे तीन गुना बढ़े हैं। लॉकडाउन में पुलिस की रोज-रोज तारीफ करने वाली भाजपा सरकार मथुरा के दामोदरपुरा शाखा में ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में 31 लाख रुपये की दिन-दहाड़े लूट पर क्या जवाब देगी? राजधानी लखनऊ में भी चोरी, हत्या की घटनाएं हो रही हैं।