आजम खां ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
आजम खां ने केंद्र सरकार पर आरएसएस का एजेंडा लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाई से भाई को लड़ाकर देश पर राज करने का सपना पूरा होने वाला नहीं है।
उन्होंने केन्द्र सरकार के चुनौती देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे में गुनहगार साबित होने पर सजा भुगतने को तैयार हैं। प्रदेश के विकास मंत्री आजम खां टांडा के पड़ाव मैदान में शनिवार शाम जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि स्वार-टांडा के लोगों ने यदि पहले नवाबों के खिलाफ हिम्मत जुटाई होती, तो यहां कि किस्मत पलट गई होती। बताते चलें कि लोकसभा चुनावों में सपा प्रत्याशी नसीर खां को यहां सबसे ज्यादा वोट मिले थे।
प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं?
आजम ने आरोप लगाया कि उपचुनावों में जीत के लिए मुल्क में भाई से भाई को लड़ाने की साजिश की जा रही है। कहा कि देश के 69 फीसदी लोग भाजपा की सोच से सहमत नहीं हैं।
दंगे में उनका नाम घसीटे जाने पर नाराजगी का इजहार करते हुए कहा कि केंद्र के पास सीबीआई, आईबी है। जांच करा लें, उनका हाथ साबित हो जाए तो वह फांसी पर चढ़ने को तैयार हैं।
उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री और रेल मंत्री के बेटे पर लगे आरोप को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अब चुप क्यों हैं? नगर विकास मंत्री ने शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद का नाम लिए बगैर कहा कि वक्फ संपत्तियों को बेचने वालों के आगे सरकार ब्लैकमेल नहीं होगी।
इस मौके पर नसीर खां, टांडा चेयरमैन शहाबुद्दीन गौरी, स्वार चेयरमैन शफीक अंसारी समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।