फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   BJP chief addresses a meet in shravasti.

UP Election 2022: जेपी नड्डा ने कहा, दोनों मोदी की योजनाओं का उड़ाते थे मजाक, अब उन्हीं से हो रहा विकास

Sun, 20 Feb 2022 06:54 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, श्रावस्ती
अमर उजाला नेटवर्क, श्रावस्ती Published by: ishwar ashish Updated Sun, 20 Feb 2022 06:54 PM IST
सार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने श्रावस्ती ने कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों ने भारत में कायम रखी तीन तलाक की कुप्रथा।

विज्ञापन
BJP chief addresses a meet in shravasti.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। - फोटो : amar ujala

विस्तार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को श्रावस्ती में इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सपा व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश व प्रियंका चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। जो मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का मजाक उड़ाया करते थे। वही योजनाएं देश के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। उन्होंने मोदी व योगी सरकार की योजनाओं का गुणगान करते हुए भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बताया।

विज्ञापन


इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामफेरन पांडे के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताने की अपील भी की। इस दौरान उन्होंने विपक्षियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अखिलेश व प्रियंका चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। जो मोदी जी की जनकल्याणकारी योजनाओं का मजाक उड़ाया करते थे। वही योजनाएं देश के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की प्रथा नरेंद्र मोदी ने शुरू की है। भाजपा अकेली पार्टी है जो वह कहती है वह करती है। भाजपा प्रत्याशी की जीत से उत्तर प्रदेश व देश मे विकास के रास्ते खुलेंगे। आपके वोट की ताकत है कि जम्मू-कश्मीर में दो निशान दो विधान समाप्त कर देश के 156 कानून जो वहां लागू नहीं थे उन्हें अनुच्छेद 370 समाप्त कर लागू कराया।
विज्ञापन


अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि आज कल अखिलेश जी टीका लगाकर मंदिरों में घंटियां बजा रहे हैं। जब समय था तब राम जन्मभूमि के कार्यसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। भाजपा ने 13वीं शताब्दी के काले कानून तीन तलाक को समाप्त कर करोड़ों मुस्लिम महिलाओं को आजादी दिलवाने का काम किया है। हमारी पार्टी गरीब, वंचित, शोषित, किसान व मजदूरों की पार्टी है। जिसका प्रमाण है कि हमने 130 करोड़ लोगों का जनधन योजना के खाता खुलवाए, गरीब लोगों को नि:शुल्क राशन वितरण कराया व कोरोना महामारी में 20 करोड़ लोगों के खाते में 500 रुपये भेजने का कार्य किया। इसके अलावा 10 करोड़ घरों की महिलाओं को नि:शुल्क गैस सिलेंडर देने के साथ ही किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों किसानों को लाभान्वित कर रहे हैं। देश के 18 हजार ग्राम में 250 करोड़ घरों में सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक के निशुल्क इलाज के लिए गोल्डन कार्ड बनवाया गया। स्वच्छ भारत की बात गांधी जी के बाद केवल नरेंद्र मोदी जी ने कही। उन्होंने 11 करोड़ घरों में इज्जत घर बनवाने का कार्य किया। स्वास्थ्य शिक्षा की व्यवस्था दुरुस्त की गई। केवल उत्तर प्रदेश में ही 5 वर्ष में 59 नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए। अपराधियों पर नकेल कसी गई। सरकार बनने पर 80 लाख प्रधानमंत्री आवास देंगे। 2 करोड़ युवाओं को स्वरोजगार के लिए लैपटॉप देंगे, छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देंगे दीपावली व होली पर एक-एक मुफ्त घरेलू सिलेंडर देंगे, किसानों को मुफ्त सिंचाई की व्यवस्था होगी गन्ने का भुगतान 14 दिनों के भीतर होगा। इसके साथ ही देवबंद, मेरठ, कानपुर, बहराइच व आजमगढ़ में  एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड बनेगा। योगी के समय में 5 वर्षों से आजम खान, मुख्तार अंसारी व अतीक अहमद जैसे माफिया जेलों में गुल्ली-डंडा खेल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जिले की दोनों सीटों से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा, राहुल राज रस्तोगी, रमन सिंह, रणबीर सिंह, प्रेम सिंह नायक, सर्वेश मिश्रा, मिथलेश पांडे, मिथलेश सिंह, राहुल मणि त्रिपाठी, श्रवण सिंह,  ओम प्रकाश दुबे, विवेक सोनी, सनी खोसला, विपिन शुक्ला, विनय पांडे, करमवीर सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

संविधान नहीं आतंकियों को बचाने की शपथ लेते हैं अखिलेशः जेपी नड्डा

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते वक्त अखिलेश संविधान बचाने की नहीं बल्कि आतंकियों को बचाने की कसम खाते हैं। अखिलेश को आतंकियों, माफियाओं और उनके परिजनों से ज्यादा लगाव है। भाजपा ने प्रदेश में गुंडों का सफाया किया है। गुंडे माफिया या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व आजम खान आज जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। दलितों, पिछड़ों, शोषितों के साथ-साथ भाजपा ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है। हमने जो कहा था वह किया और जो कहेंगे वह जरूर करेंगे। 

यह बातें रविवार को गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के पचपेड़वा (बलरामपुर) बाजार स्थित लोक मान्य तिलक इंटर कालेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। उन्होंने कहा कि यह वही सपा है जिसने अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। आज अखिलेश कह रहे हैं कि मैं भी हिंदू हूं, मैं भी मंदिर में घंटी बजाऊंगा। अब तो उनकी घंटी बज चुकी है। अब भव्य राम मंदिर बन रहा है। शरीयत में तीन तलाक का कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांगला देश, ईरान, ईराक और सीरिया आदि मुस्लिम देशों में नहीं है। भारत में तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस तथा सपा चंद वोटों के लिए इसका समर्थन करती है।

सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्त करने की बात कही थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर उसे समाप्त किया। कांग्रेस व सपा देश में दो विधान का समर्थन करती हैं जबकि भाजपा ने आपके वोटों की ताकत से संसद में धारा 370 को धाराशायी कर जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना दिया। 10.5 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण के तहत कोरोनाकाल में महिलाओं के जन धन खाते में तीन महीने तक 500-500 रुपए देने का काम केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने किया। पांच महीने से हर गरीब परिवार को केंद्र व प्रदेश सरकार महीने में दो बार राशन के साथ-साथ तेल, नमक व चना भी दे रही है। उत्तर प्रदेश में बन रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे आदि एक्सप्रेस वे ही नहीं बल्कि विकास की गंगा है।

पांच साल पहले प्रदेश में केवल 15 मेडिकल कालेज थे। पांच सालों में केंद्र सरकार की मदद से प्रदेश में 59 मेडिकल कालेज हो गए हैं। इससे लगता है कि फर्क साफ है। सरकार की सोंच ईमानदार, काम दमदार और काम असरदार भी है। 11 करोड़ इज्जतघर बनाकर भाजपा सरकारों ने महिलाओं की आबरू बचाई है। 3.80 करोड़ घरों में नल से शुद्घ जल देने का काम चल रहा है। आर्थिक दृष्टिकोण से पहले यूपी सातवें नंबर पर था। पांच साल में यूपी को योगी सरकार ने दूसरे नंबर पर ला दिया है। पहले आजम खां, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद आदि माफिया समाज में दनदनाते थे। अब यह तीनों लोग जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं।

आजम खां के कहने पर 26 अप्रैल 2012 को अखिलेश यादव ने तारिक कासमी तथा खालिद मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादियों का केस वापस लेकर यह साफ कर दिया था कि वह लोग आतंकवादियों के हितैषी हैं। अखिलेश को अपनी ही सीट करहल में हार का डर सता रहा है इसीलिए बीते दिनों उन्होंने वहां पर अपने बूढ़े व बीमार पिता को चुनाव प्रचार में उतार दिया था। ऐसा लगता है कि अखिलेश प्रदेश में नहीं बल्कि करहल में ही चुनाव लड़ रहे हैं। अहमदाबाद बम कांड में बीते दिनों अदालत से मौत की सजा पाए आजमगढ़ निवासी आतंकी मो. सैफ का पिता नेता शादाब अहमद उर्फ मिस्टर अखिलेश का साथी है। अखिलेश कहते हैं कि मुझे पुलिस पर विश्वास नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं यहां शैलेश कुमार सिंह को जिताने आया हूं। इनके जीतने से प्रदेश में योगी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत होंगे। जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी शैलू सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, एसएससी ग्रुप के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, ब्लाक प्रमुख मनोज तिवारी व शक्ति सिंह, दयाराम प्रजापति, राम सरन गुप्ता व श्याम लाल जायसवाल आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा में मौजूद लोगों से भाजपा के समर्थन की अपील की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed