विप चुनाव : भाजपा और सपा उम्मीदवारों ने किया नामांकन, दोनों महिला उम्मीदवार लखपति, धर्मेंद्र सैंथवार करोड़पति
यूपी के विधान परिषद उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा व सपा के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की तरफ से धर्मेंद्र सिंह सैंथवार और निर्मला पासवान ने जबकि सपा की तरफ से कीर्ति कोल ने नामांकन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधान परिषद में दो खाली सीटों पर हो रहे उप चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के उम्मीदवार धर्र्र्मेंद्र सिंह सैंथवार और निर्मला पासवान ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं सपा की ओर से एक मात्र उम्मीदवार कीर्ति कोल ने भी नामांकन किया। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार चार अगस्त तक नामांकन वापस ले सकेंगे।
भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के नेतृत्व में नामांकन करने विधान भवन स्थित सेंट्रल हॉल पहुंचे। धर्मेंद्र सिंह सैंथवार ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन के निधन से खाली हुई सीट के लिए नामांकन किया। वहीं निर्मला पासवान ने पूर्व परिषद सदस्य जयवीर सिंह ठाकुर के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर भी मौजूद रहे।
इसी तरह सपा उम्मीदवार कीर्ति कोल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और विधानमंडल दल में सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय के नेतृत्व में नामांकन पत्र दाखिल किया। कीर्ति ने भी अहमद हसन के निधन से खाली हुई सीट पर नामांकन किया है।
उप चुनाव के लिए 11 अगस्त को मतदान
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन के निधन से खाली हुई सीट पर हो रहे उप चुनाव में सपा और भाजपा उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया है। अगर दोनों में से किसी एक ने अपना नाम वापस नहीं लिया या किसी उम्मीदवार का नामांकन निरस्त नहीं हुआ तो 11 अगस्त को मतदान होगा।
आदिवासी बेटी का समर्थन करें सभी विधायक : कोल
सपा उम्मीदवार कीर्ति कोल ने नामांकन भरने के बाद सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर सहित सभी दलों के नेताओं व विधायकों से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि सपा ने एक आदिवासी महिला को चुनाव में उतारा है। इसलिए सभी दलों के विधायकों को राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें परिषद सदस्य निर्वाचित होने का मौका देना चाहिए।
दोनों महिला उम्मीदवार लखपति, धर्मेंद्र सैंथवार करोड़पति
विधान परिषद उप चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाली दोनों महिला उम्मीदवार लखपति हैं जबकि एक मात्र पुरुष उम्मीदवार धर्मेंद्र सिंह सैंथवार करोड़पति हैं। सैंथवार की ओर से दाखिल नामांकन पत्र में उनके पास 1 करोड़ 61 लाख 84 हजार 200 रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है। धर्मेंद्र के पास 57,86,500 रुपये की चल और 71 लाख दो हजार रुपये की अचल संपत्ति है। धर्मेंद्र के पास एक रिवाल्वर और 50 ग्राम सोने के जेवरात हैं। उनकी पत्नी के पास 16 लाख 2 हजार 700 रुपये की चल और 16 लाख 93 हजार रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पास 250 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवरात हैं।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार निर्मला पासवान के पास करीब 92 लाख की संपत्ति है। उनके पति के पास 8,67,900 रुपये की चल संपत्ति है। सपा उम्मीदवार कीर्ति कोल के पास 24,30,481 रुपये की संपत्ति है। कीर्ति के पास 13,25,481 रुपये और उनके पति के पास एक लाख पांच हजार रुपये की चल संपत्ति है।