100 की स्पीड में हवा में लहरा रहे थे पहिया, स्टंटबाजी ने ली जान
लखनऊ का सहारा ओवरब्रिज पर खुलेआम होने वाली स्टंटबाजी ने रविवार दोपहर चौक निवासी छात्र मो. सैफ (18) की जान ले ली। सैफ अपने दोस्त निहाल के साथ 100 की स्पीड में पावर बाइक का अगला पहिया हवा में लहराने का स्टंट कर रहा था कि संतुलन खो बैठा।
बेकाबू बाइक ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराई और सैफ हवा में उछलते हुए ओवरब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक के पास जा गिरा। हादसे में सैफ की मौत हो गई जबकि निहाल ओवरब्रिज पर काफी दूर तक घिसटने से गंभीर रूप से जख्मी है। निहाल को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पावर बाइक चला रहे दोनों किशोर हेलमेट नहीं लगाए थे।
गोमतीनगर पुलिस के मुताबिक सैफ हुसैनाबाद के शिवपुरी रामगंज निवासी ट्रैवल एजेंसी संचालक इकबाल का इकलौता बेटा था और ठाकुरगंज स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ रहा था।
वह अपने चाचा एहसान की बाइक लेकर निकला था। रास्ते में पड़ोस में रहने वाला दोस्त नेशनल इंटर कॉलेज से हाईस्कूल का छात्र निहाल मिला तो घूमने की बात कहकर उसे भी साथ बैठा लिया।
यूं हुआ हादसा
दोनों सहारा शहर से सटे ओवरब्रिज पहुंचे और तेज रफ्तार में चक्कर लगाने लगे। कभी बाइक लहराते तो कभी जंप कराते। पुल के ऊपर पहुंचते ही सैफ ने बाइक का अगला पहिया हवा में उठाने की कोशिश की और संतुलन खो बैठा।
स्टंट के चक्कर में पहले भी कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। 11 जुलाई को फन मॉल के सामने बाइक से स्टंट कर रहे रहे युवकों ने व्यापारी जुगल किशोर को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
पिछले साल एक जून को सहारा शहर के पास फ्लाई ओवर पर स्टंट करते हुए कार की चपेट में आने से 16 वर्षीय अमन रिजवी की जान चली गई थी। 28 जनवरी 2011 को छात्र विवेक और शांतनु की भी स्टंटबाजी के चलते जान चली गई थी। बीती 16 दिसंबर को शाहरुख की स्टंट के दौरान मौत हुई थी जबकि उसकी गर्लफ्रेंड मामूली रूप से जख्मी हो गई थी।