यूपी में सबसे ज्यादा स्वाइन फ्लू के मरीज लखनऊ में, सो रहा स्वास्थ्य विभाग, जारी नहीं हुईं गाइडलाइंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी लखनऊ में बीते जनवरी से चार अक्तूबर तक स्वाइन फ्लू के 545 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पांच की मौत हो चुकी है, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को इसकी परवाह नहीं। चार अक्तूबर को क्वीन मेरी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पांच मरीज सामने आने पर हालात का पता चला। विभिन्न जिलों के अस्पतालों को स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर गाइडलाइन तक जारी नहीं की गई है।
एसजीपीजीआई और केजीएमयू को छोड़कर अन्य अस्पताल इस बीमारी को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि ज्यादातर अस्पतालों में अभी तक स्वाइन फ्लू वार्ड का भी इंतजाम नहीं हो सका है। इस बारे में संयुक्त निदेशक संचारी रोग डॉ. विकाशेंदु अग्रवाल का कहना है कि मरीज ज्यादा मिलेंगे तो गाइडलाइन जारी की जाएगी।
जनवरी से सितंबर तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 2047 मरीज मिले हैं। इसमें 29 की मौत हो गई है, जबकि राजधानी में सितंबर तक 540 मरीज मिले हैं। इनमें पांच की मौत हो चुकी है। राजधानी में अक्तूबर में चार दिन के अंदर पांच नए मरीज पाए गए हैं।
ज्यादा केस मिलेंगे तो जारी करेंगे गाइडलाइन
अभी तक बड़ी संख्या में मरीज नहीं आए हैं। अक्तूबर में एक-दो केस मिलते रहते हैं। ज्यादा केस मिलेंगे तो गाइडलाइन जारी की जाएगी। -डॉ. विकाशेंदु अग्रवाल, संयुक्त निदेशक संचारी रोग
मरीज के घर भेजी जाती है टीम
राजधानी में पड़ोसी जिलों के मरीज भी आते हैं। यही वजह है कि यहां की संख्या अधिक हो जाती है। स्वाइन फ्लू के राजधानी निवासी जो भी मरीज मिल रहे हैं, उनके घर टीम भेजी जाती है। पूरे परिवार की जांच भी कराई जाती है।
-डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ
लखनऊ में कब कितने मरीज मिले
वर्ष--मरीज--मृत्यु
2011--38--0
2012--121--0
2013--32--0
2014--3--0
2015--1087--0
2016--46--0
2017--2192--14
2018--19--0
2019--545--5
(अब तक) (स्रोत : स्वास्थ्य विभाग )
स्वाइन फ्लू वाले टॉप 10 जिले
जिला--मरीज--मौत
1- लखनऊ--528--5
2- मेरठ--392--2
3- गाजियाबाद--332--0
4- आगरा--140--0
5- गौतमबुद्ध नगर--78--0
6- बरेली--57--2
7- हापुड़--51--0
8- कानपुर--42--0
9- मुजफ्फरनगर--39--3
10- बुलंदशहर--27--3
(पांच सितंबर तक का आंकड़ा)
क्वीन मेरी अस्पताल में चार दिन में स्वाइन फ्लू के पांच मरीज मिले
क्वीन मेरी में चार दिन के अंदर पांच महिलाएं स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुकी हैं। इन्हें स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि सितंबर में छह महिलाएं स्वाइन फ्लू से ग्रसित पाई गई थीं। गर्भवती महिला के पति का आरोप है कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से उसकी पत्नी स्वाइन फ्लू की चपेट में आई है।
हरदोई के संडीला निवासी (28) साल की महिला साढे़ सात माह की गर्भवती है। उसे चार दिन पहले प्रसव पीड़ा होने पर क्वीन मेरी लाया गया। यहां दो दिन बाद उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अस्पताल में एक से चार अक्तूबर के बीच पांच स्वाइन फ्लू के मरीज पाए गए, जबकि सितंबर में छह मरीज पाए गए थे। इस तरह दो माह के अंदर अकेले क्वीन मेरी में 11 महिलाएं स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई हैं।
क्वीन मेरी की मीडिया प्रभारी डॉ. स्मृति अग्रवाल का कहना है कि क्वीन मेरी में विभिन्न जिलों से रेफर होकर महिलाएं आती हैं, जिनमें लक्षण पाए जाते हैं। उनकी जांच कराई जाती है। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर उन्हें अलग वार्ड में शिफ्ट किया जाता है। सितंबर में छह महिलाएं स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाई गई थीं। सफाई व्यवस्था सही नहीं होने का आरोप गलत है।