भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, छह घायल, सांसद पुत्र पर भी आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुबग्गा के बेगरिया गांव निवासी रमेश लोधी व अर्जुन लोधी की जमीन है। बेगरिया गांव निवासी नंदलाल के मुताबिक, रमेश ,अर्जुन ने अपनी जमीन को अशोक लोधी को बेचा है। इस पर नंदलाल, अमिन, रेहान, मूसा, रजनीश व राम सिंह मिलकर प्लॉटिंग कर रहे हैं।
नंद लाल का आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ प्लॉट पर बने मकान के पास बैठे थे तभी दोपहर बाद मोहनलालगंज लोकसभा सांसद कौशल किशोर के पुत्र आयुष किशोर अपने साथी विपिन विश्वकर्मा के साथ करीब दो दर्जन लोगों के साथ दो कार व चार बाइक से पहुंचे।
नंद लाल ने बताया कि आयुष किशोर व विपिन ने मेरे साथ बैठे रमेश लोधी से एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाने के लिए कहा। मना करने पर आयुष पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से मारपीट कर प्लाट पड़ी कुर्सियां तोड़ दीं। साथ ही अपनी कार व बाइक भी तोड़ दी। मारपीट में नंदलाल के सिर पर चोट आने के साथ ही अमिन, राम सिंह व मूसा समेत कई लोग चोटिल हो गए।
मामला संज्ञान में नहीं: सांसद
वहीं दूसरे पक्ष से सूरज रावत ,उत्तम सिंह के सिर फूट गए। जो लहूलुहान हालत में सीएचसी पहुंचे। उत्तम ने बताया कि हम लोग सांसद पुत्र आयुष के साथ दो कार से करीब दो दर्जन लोग प्लॉट पर गए थे। उत्तम ने बताया कि हम लोगों के पास उस जमीन से संबंधित एग्रीमेंट है। विपक्षी जबरदस्ती जमीन पर कब्जा किए हैं जिसको रोकने के लिए बातचीत करने वो लोग गए थे।
लेकिन विपक्षी लोगों ने हम पर धावा बोल दिया। हमारी कार व बाइक तोड़ फोड़ दी। मारपीट से बचाव को हम लोग अपने वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए। इंस्पेक्टर प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की तरफ से आठ लोग हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
सांसद कौशल किशोर ने बताया अभी मैं क्वारंटीन चल रहा हूं। मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। वहीं सांसद के पुत्र विकास किशोर ने बताया कि उनका छोटा भाई आयुष मौके पर नहीं गया था, आरोप निराधार है। एसीपी कासिम आब्दी ने बताया कि इस मामले में सांसद पुत्र का शामिल होना निराधार है। उनके गांव के पास का मामला है। इसलिए विपक्ष आरोप लगा रहा है। जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है।