{"_id":"6364aff76cd17236e365f1da","slug":"barabanki-news-the-girl-was-brutally-murdered-by-slitting-her-throat-not-recognized","type":"story","status":"publish","title_hn":"Barabanki News : गला रेतकर युवती की हत्या, चेहरा ईंट से कूचा, नहीं हुई पहचान, दुष्कर्म की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Barabanki News : गला रेतकर युवती की हत्या, चेहरा ईंट से कूचा, नहीं हुई पहचान, दुष्कर्म की आशंका
Fri, 04 Nov 2022 06:36 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, बाराबंकी
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, बाराबंकी
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Fri, 04 Nov 2022 06:36 PM IST
सार
घटनास्थल से सूंघते हुए खोजी कुत्ता पास में ही स्थित एक खाद्य तेल की फैक्टरी के गेट तक पहुंचा। पुलिस ने गेट खुलवाया तो खोजी कुत्ता करीब 50 मीटर अंदर तक जाकर लौट आया।
विज्ञापन
(सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बाराबंकी जिले में कुर्सी थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को ईंट से कूच दिया गया। शव खेत में मिला है। इससे दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की दो टीमें छानबीन में जुटी हैं।
विज्ञापन
कुर्सी क्षेत्र में अमरसंडा गांव के पास औद्योगिक क्षेत्र में सड़क से करीब 50 मीटर दूूर एक खेत में सुबह लोगों ने युवती का शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवती की उम्र करीब 20 साल है। धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या की गई थी। पास में ही खून से सनी एक ईंट मिली। पहचान छिपाने के लिए युवती के चेहरे को ईंट से कूचा गया था। दो बड़े घाव चेहरे पर मिले। युवती के एक पैर में सैंडल थी।
विज्ञापन
पुलिस ने आसपास का इलाका छान मारा मगर कोई सुराग नहीं मिला। लोगों से युवती की शिनाख्त की कोशिशें भी असफल रही। लोग दुष्कर्म की आशंका जता रहे थे। मौके पर पहुंचे एएसपी पूर्णेंदु सिंह व सीओ सिटी नवीन सिंह ने पड़ताल की। एएसपी ने कुर्सी पुलिस को निर्देश दिया कि युवती की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों में भी फोटो का प्रसार करें। इसे लेकर कुर्सी पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को निर्धारित 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
तेल फैक्टरी के अंदर तक गया खोजी कुत्ता
घटना की जांच के लिए फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। इस दौरान घटनास्थल से सूंघते हुए खोजी कुत्ता पास में ही स्थित एक खाद्य तेल की फैक्टरी के गेट तक पहुंचा। पुलिस ने गेट खुलवाया तो खोजी कुत्ता करीब 50 मीटर अंदर तक जाकर लौट आया। पुलिस ने आसपास के कई लोगों से भी पूछताछ की।
ऑनर किलिंग के बिंदु पर भी जांच
सनसनीखेज हत्या की घटना के पीछे पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग को लेकर भी हत्या की आशंका है तो पुलिस ऑनर किलिंग की संभावनाओं पर भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि युवती क्षेत्र की न होकर बाहर की है। पुलिस लखनऊ, सीतापुर समेत जिले के सभी मिसिंग केसों की छानबीन में जुटी है।