यूपी: होटल के कमरे में फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल, नोएडा से बहराइच आई थी विवाहित महिला; जानिए पूरा मामला
Couple found in Bahraich: बहराइच के एक होटल में एक प्रेमी युगल के शव एक ही पंखे से लटके हुए मिले। महिला की उम्र 46 साल तो लड़के की उम्र 26 साल बताई जा रही है।
विस्तार
बहराइच जिले के सिविल लाइंस इलाके में जिला अस्पताल के सामने स्थित अवध होटल के कमरा नंबर 201 में प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले। दोनों 22 सितंबर से होटल में ठहरे थे। उन्होंने निजी नौकरी करने की बात बताकर कमरा बुक कराया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे के बाद कमरे से चाय, नाश्ता, भोजन या पानी का कोई ऑर्डर नहीं आया। शाम तक कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ।
शाम करीब 7:30 बजे कर्मचारियों ने कमरे में फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इंटरकॉम पर भी प्रतिक्रिया नहीं आने पर कर्मचारियों ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर कर्मचारियों ने दरवाजे का लॉक तोड़ा। कमरे के अंदर दोनों के शव पंखे से लटके मिले। यह देखकर होटल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हाेटल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि श्रावस्ती जिले के इकौना निवासी रिंकू (27) गौतमबुद्धनगर निवासी पिंकी (46) के साथ आया था। दोनों ने प्राइवेट नौकरी करने और विभागीय काम पर बहराइच आने की बात कहते हुए कमरा लिया था। कर्मचारियों ने बताया कि दोनों के ऐज में अंतर देखकर उन लोगों ने कोई विशेष पूछताछ भी नहीं की। होटल कर्मियों के मुताबिक दोनों प्रतिदिन सुबह, दोपहर शाम चाय, नाश्ता आौर खाना तथा अन्य चीजों की डिमांड करते थे लेकिन बृहस्पतिवार 10 बजे से कमरा नंबर 201 से कोई भी एक्टीविटीज सामने नहीं आई। इस पर देर शाम को सभी को शक हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। होटल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके चलते मार्ग पर करीब आधा किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही। फॉरेंसिक टीम ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार दोनों ने फांसी क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मौके से ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मौत के कारण की पुष्टि हो सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
महिला शादीशुदा है
पुलिस के मुताबिक अभी तक हुई फौरी जांच में पता चला है कि मृतका पिंकी शादीशुदा है। रिंकू के साथ उसके प्रेम संबंध सोशल मीडिया से शुरू हुए। इसके बाद दोनों 22 सितंबर से होटल के कमरे में ठहरे थे। पुलिस दोनों के संबंध, होटल में ठहरने की वजह और मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.