कोरोना के लक्षण नहीं मिले तो 10वें दिन ही अस्पताल से छुट्टी, अब गंभीर मरीजों को बेड देने पर जोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों को अब 10वें दिन डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। फिर वे सात दिनों तक होम क्वारंटीन रहेंगे। दोबारा लक्षण मिले तो उन्हें नया केस माना जाएगा। शासन ने इस बाबत सभी डीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र जारी कर दिया है। पत्र मिलते ही सीएमओ 10 दिन का समय पूरा करने वाले मरीजों की सूची तैयार करने लगे हैं। राजधानी में ऐसे 255 मरीज हैं।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने नई गाइडलाइन जारी की गई थी। वहीं, शुक्रवार को जारी पत्र में कहा गया कि बिना लक्षण के मरीजों को 10वें दिन डिस्चार्ज कर दिया जाए। इस दौरान सिर्फ यह देखा जाए कि मरीज को तीन दिन में बुखार तो नहीं आया है।
ऐसा नहीं है तो दोबारा जांच करने की भी जरूरत नहीं है। वहीं, हल्के लक्षणों वाले मरीज, जिन्हें अस्पताल में भर्ती हुए 12 दिन बीत चुके हैं और तीन दिन से कोई लक्षण नहीं है तो उन्हें ट्रूनेट मशीन से जांच के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
पहले यह थी व्यवस्था
जिन मरीजों में लक्षण नहीं थे उनकी सातवें दिन जांच की जाती थी और जब तक दो बार रिपोर्ट निगेटिव नहीं आ जाती थी, तब तक उन्हें डिस्चार्ज नहीं किया जाता था। इसके बाद भी 14 दिन तक होम क्वारंटीन की सलाह दी जाती थी।
नई व्यवस्था से गंभीर मरीजों को ज्यादा बेड मिल सकेंगे
यह होगा लाभ: कोराना नियंत्रण के राज्य नोडल अधिकारी और लोहिया संस्थान के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह का कहना है कि नई व्यवस्था से गंभीर मरीजों को ज्यादा से ज्यादा बेड मिलेंगे। पूरे प्रदेश में बिना लक्षण वाले मरीजों की संख्या 80 प्रतिशत से अधिक है।
शहर में छह हॉटस्पॉट बढ़े, कंटेनमेंट जोन की संख्या हुई 35
राजधानी में छह हॉटस्पॉट बढ़ गए। अब 35 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं। इंदिरानगर सेक्टर 10, ए ब्लॉक नया कंटेनमेंट जोन है। वहीं, विनम्र खंड, विकास खंड, गीतापल्ली, आलमबाग की बरहा कॉलोनी को हॉटस्पॉट बनाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है।
फैक्ट फाइल
- 803 है राजधानी में कुल मरीजों की संख्या
- 600 इनमें से हैं यहां के मूल निवासी
- 12 मरीजों की हो चुकी है मौत
- 459 मरीज ठीक होकर जा चुके हैं घर
- 457 के सैंपल लिए शनिवार को