सपा का हमला, अमित शाह पर छाया सत्ता का नशा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के बारे में बचकानी टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि शाह ने राज्य सरकार और मुलायम सिंह के संबंध में जो कुछ कहा, उससे साफ जाहिर है कि सत्ता का नशा उनके सिर चढ़कर बोल रहा है।
चौधरी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव पांच दशक लंबे सार्वजनिक जीवन में सांप्रदायिकता के खिलाफ और धर्मनिरपेक्षता के पक्ष में लड़ाई लड़ते रहे हैं।
शाह ने मुलायम पर दिया, ये बयान
सपा प्रवक्ता ने कहा कि वह किसानों, गरीबों और अल्पसंख्यकों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व पर उगंली उठाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वयं अपने पद की गरिमा गिराई है।
गौरतलब है कि लखनऊ में मंगलवार को निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा था कि प्रदेश की सपा सरकार ने अब भी हार से कोई सबक नहीं लिया है, यूपी सरकार सिर्फ एक वर्ग का तुष्टिकरण कर रही है।
शाह ने यह भी कहा था कि मुलायम सिंह दंगों के लिए भाजपा को बदनाम करने के अभियान में सफल नहीं होंगे। उनकी पार्टी की रिपोर्ट में सहारनपुर दंगे के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने से जनता भाजपा को दंगा कराने वाली नहीं मान लेगी।
जीते बिना यूपी नहीं छोडूंगा
अमित शाह ने अपने भाषण में कहा था कि कोई नेता यह न सोचें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें अमित शाह जैसे कठोर प्रभारी से मुक्ति मिल जाएगी।
जब तक यूपी में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार नहीं बन जाती, पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं ले लेता, कार्यकर्ताओं और जनता की सुरक्षा की गांरटी नहीं हो जाती, तब तक अमित शाह यूपी छोड़ने वाला नहीं है।
अमित शाह का असली लक्ष्य तो अब शुरू होगा। यह लक्ष्य है यूपी में भाजपा की सरकार बनवाना।