{"_id":"6651506d5ec304ffdb02cf8a","slug":"ambedkar-nagar-voting-started-long-queues-formed-more-than-18-lakh-voters-will-decide-the-fate-of-eight-can-2024-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंबेडकरनगर लोकसभा: शाम छह बजे तक 61.54 प्रतिशत हुआ मतदान, भीषण गर्मी में भी मतदाता फर्स्ट डिवीजन पास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंबेडकरनगर लोकसभा: शाम छह बजे तक 61.54 प्रतिशत हुआ मतदान, भीषण गर्मी में भी मतदाता फर्स्ट डिवीजन पास
Sat, 25 May 2024 08:51 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला संवाद, अंबेडकर नगर
अमर उजाला संवाद, अंबेडकर नगर
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sat, 25 May 2024 08:51 PM IST
सार
Ambedkar Nagar loksabha: यूपी के अंबेडकरनगर में खत्म हो गया है। यहां 61.50 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
विज्ञापन
अकबरपुर में वोट डालने के बाद खुशी जताती दो सगी बहनें।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
लोकसभा चुनाव में मतदाता झुलसा देने वाली गर्मी में भी फर्स्ट डिवीजन पास हो गए। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले मामूली बढ़त हासिल करते हुए 61.54 प्रतिशत मतदान किया। सबसे अधिक 64 फीसद से भी अधिक मतदान टांडा विधानसभा क्षेत्र में हुआ तो सबसे कम 57 फीसद से थोड़ा अधिक मतदान अयोध्या जनपद में शामिल गोशाइगंज विधानसभा सीट पर हुआ। पूरे दिन आमतौर पर शांतिपूर्ण मतदान चला। जिससे अधिकारियों को भी राहत मिली रही।
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मतदान के महापर्व पर मतदाताओं ने शनिवार सुबह से ही खूब उत्साह दिखाया। दिन में तेज धूप व झुलसा देने वाली गर्मी का अंदाजा सभी मतदाताओं को था। इसी के चलते जहां मतदान सुबह 7:00 बजे शुरू होना था वहीं ज्यादातर बूथों पर लोग छह बजे से ही पहुंचने लगे। छह बजने तक सभी बूथों पर मॉकपोल की प्रक्रिया निपटा ली गई थी। पुलिसकर्मियों ने सभी बूथों पर सुरक्षा की कमान अपने हाथों में ले ली।
विज्ञापन
सात बजते ही बूथों पर लाइन में खड़े मतदाताओं को प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। कई जगह मतदाताओं का स्वागत भी हुआ। शहरी ग्रामीण दोनों बूथों पर सुबह के समय लंबी लाइन देखने को मिली। नतीजा यह रहा कि पहले दो घंटे में कुल 14.61 फीसद मतदान हो गया। शुरुआती दो घंटे का यह रुझान काफी उत्साहजनक था। अगले दो घंटों में मतदाताओं का जोर और ज्यादा देखने को मिला। इस अवधि में महिलाएं ज्यादा निकलीं क्योंकि तब तक उन्होंने घरों का कामकाज निपटा लिया था।
विज्ञापन
11 बजे का मत-प्रतिशत सामने आया तो और ज्यादा खुशी महसूस हुई। क्योंकि इन दो घंटों में लगभग साढ़े 15 फीसद मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाया। नतीजा यह हुआ कि 11 बजे तक 30 फीसद मतदान हो गया। इसके बाद से मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई। इसकी वजह तेज धूप मानी जा रही थी। दोपहर बाद एक बजे तक सिर्फ 41.04 फीसद तो तीन बजे तक 50.40 फीसदी ही मतदान हो सका।
प्रशासन समेत अन्य लोगों को लगा कि अपराह्न बाद से धूप कम होने पर मतदान में तेजी आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शाम पांच बजे तक सिर्फ 59.80 फीसदी मतदाता बूथों तक पहुंचे। यह स्थिति उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। फिर भी लगा कि अंतिम तस्वीर सामने आएगी तो मत प्रतिशत 64 प्रतिशत को पार कर जाएगा। हालांकि शाम छह बजे तक 61.50 फीसदी ही मतदान हो सका।
पिछले चुनाव के मुकाबले मतदान का प्रतिशत हालांकि थोड़ा बढ़ने में कामयाब रहा। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में 61.44 फीसद मतदाता बूथों तक पहुंचे थे। कड़ी गर्मी को देखते हुए प्रशासन के सामने यह चुनौती थी कि कहीं प्रतिशत घटकर काफी नीचे न रह जाए। इसके लिए जिला प्रशासन ने लगातार अभियान भी चला रखा था।
-
ईवीएम में इन प्रत्याशियों का भाग्य कैद
1131 मतदान केंद्रों के 1899 बूथों पर 18 लाख 64 हजार 149 मतदाताओं को मतदान का मौका मिला था। इनमें से 61.54 फीसद मतदाताओं ने आठ प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया। इसमें भाजपा के रितेश पांडेय, सपा के लालजी वर्मा, बसपा के कमर हयात, मूल निवासी समाज पार्टी की नीलम सिंह, भागीदारी पार्टी के रामनरेश प्रजापति, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के विवेक कुमार, पीस पार्टी की शबाना खातून तथा निर्दल जावेद अहमद शामिल हैं।