अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान: मेधावियों को मेडल, प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, हौसला अफजाई भी की
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले जिले के छह मेधावियों को 'अमर उजाला' की ओर से मंगलवार को अमेठी के कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी छात्र सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश सिंह ने मेधावियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अमर उजाला की ओर से मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएम अरुण कुमार ने यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छह मेधावियों (दोनों परीक्षा के टॉप थ्री) को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम ने मेधावियों की सफलता की सराहना की। डीएम ने मेधावियों का आत्मबल बढ़ाने के लिए 'अमर उजाला' की ओर से की गई कोशिश को भी सराहा। उन्होंने मेधावियों को सफलता के टिप्स दिए। डीएम ने प्रशस्ति पत्र व मेडल देते समय मेधावियों से उनके अंक पूछे।
साथ ही यह भी जाना कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं। इस सवाल पर विद्यार्थियों के जवाब अलग-अलग रहे। इस पर डीएम ने कहा कि विद्यार्थी मेहनत करने के साथ अपने अभिभावकों व गुरुजनों का सम्मान करें। सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। छात्र-छात्राओं को असफलता से घबराना नहीं चाहिए।
इनको किया गया सम्मानित
अमर उजाला की ओर से आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड हाईस्कूल के जिला टॉपर यश पांडेय (डॉ. पीएनएमएस इंकॉ राजा फत्तेपुर तिलोई),द्वितीय टॉपर रितिका पांडेय (श्री जंग बहादुर सिंह इंकॉ ककवा) व तृतीय टॉपर विशाल वर्मा (श्री शिव प्रताप इंकॉ अमेठी) तथा इंटरमीडिएट के जिला टॉपर सुमित मिश्र (श्री शिव प्रताप इंकॉ अमेठी), द्वितीय टॉपर सौम्या तिवारी (श्री जंग बहादुर सिंह इंकॉ ककवा) व अरेंदर जोरिया (एएच इंकॉमुसाफिरखाना) को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राजधानी में लखनऊ के अलावा बाराबंकी के राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान हासिल करने वाले व जिले में प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले मेधावी सम्मानित किए जाएंगे। समारोह में कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। लखनऊ में आयोजित होने वाले समारोह में लखनऊ-बाराबंकी के राज्यस्तरीय व जिले स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान हासिल करने वाले मेधावियों को ही आमंत्रित किया गया है।
खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की
इन बच्चों का हुआ सम्मान
दोनों अधिकारियों ने अमर उजाला के कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों की हौसला अफजाई की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, डीआईओएस एसके तिवारी, बीएसए सन्तोष सक्सेना मौजूद रहे। इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश में पांचवा स्थान हासिल करने वाली आकांक्षा सिंह के दिल्ली में होने की वजह से उनका सम्मान डीआईओएस ने लिया।
इसके अलावा प्रदेश की सूची में सातवां स्थान हासिल करने वाली पूजा मौर्या, जिले में तीसरे स्थान पर रही छवि तिवारी ने अपना सम्मान खुद ग्रहण किया। हाई स्कूल की प्रदेश सूची में नवें स्थान पर रहे अंकुश दुबे, जिले में दूसरे स्थान पर रहे श्रेयांश श्रीवास्तव व आदर्श सिंह ने अपना सम्मान ग्रहण किया।
इंटर में जिले में तीसरे स्थान पर रहे छात्र निखिल सिंह के न पहुंच पाने के कारण उनका मेडल और प्रशस्ति पत्र समेत ईयर बुक उनके परिजनों ने डीएम के हाथों प्राप्त की। आयोजन में एडीएम डॉ पंकज वर्मा और प्रभारी डीआईओएस तारा वर्मा समेत अभिभावक और शिक्षक भी मौजूद रहे।
अर्जुन की तरह होना चाहिए निशाना
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अर्जुन की तरह आगे की पढ़ाई के लिए निशाना साधने की नसीहत दी। जिलाधिकारी के हाथों सम्मान पाकर विद्यार्थी खुशी से झूम उठे। विद्यार्थी ने इस बड़े स्टेज पर अमर उजाला द्वारा सम्मान मिलने पर गदगद दिखे। इन सभी ने अमर उजाला के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं जिलाधिकारी ने अमर उजाला द्वारा चलाई जा रही छात्रवृत्ति योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति का लाभ लेकर आगे पढ़ाई में मदद लेने की भी बात कही।
ऊंची उड़ानों के साथ अपने सपनों को करें साकार
सामाजिक सरोकारों की श्रृंखला के साथ आगे बढ़ते हुए बहराइच में मंगलवार को अमर उजाला का मेधावी सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में यूपी बोर्ड के छह मेधावियों और एक अभिभावक को सम्मानित किया गया। एसपी और सीडीओ ने मेधावियों को प्रमाण पत्र, ईयर बुक और मेडल देकर सम्मानित किया। सभी छात्रों के चेहरों पर सफलता की चमक दिखाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन मिश्रा ने कहा कि अपने जीवन में सफलता को हासिल करने के लिए किताबों का अध्ययन अवश्य करें। सपनों को साकार करने के लिए हमेशा ऊंची उड़ान का लक्ष्य तय करें। सीडीओ आईएएस कविता मीणा ने कहा कि जीवन में अपनी विशेषज्ञ क्षमता को विकसित करने पर फोकस करें।
अपने माता-पिता के चेहरे पर खुशी लाने के लिए जीवन में हर कठिनाई को सहते हुए भी सफलता की ऊंचाई पर चढ़ने का प्रयास करें। यही उनके जीवन भर की पूंजी का प्रतिफल होगा। अध्यक्षता कर रहे डीआईओएस राजेंद्र पांडेय ने कहा कि छात्र अपने जीवन में हर सफलता को हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम करने पर जोर दें।
जिस तरह से आज आपको एक मंच पर सम्मानित किया जा रहा है, यह आपके जीवन के गौरवशाली पल का हिस्सा रहेगा। कार्यक्रम में एसपी व सीडीओ ने हाईस्कूल के टॉपर साईं निशांत त्रिपाठी को प्रथम, शशांक मणि त्रिपाठी को द्वितीय और तन्मय को तृतीय स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया।
इसी तरह से इंटरमीडिएट के मेधावी साईं कृष्णा त्रिपाठी को प्रथम, शिवाकांत को द्वितीय, सचिन कुमार को तृतीय स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इंटर में तृतीय स्थान हासिल करने वाले सूर्यकांत त्रिपाठी के राजस्थान में होने पर उनके अभिभावक को सम्मानित किया गया।
मेधावी सम्मान समारोह में छात्रों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस महामारी के संकटकाल में भी अमर उजाला द्वारा प्रतिभाओ के हौसला अफजाई के लिए किया गया सम्मान समारोह बहुत ही प्रशंसनीय है। सम्मान पाकर मेधावियों का मनोबल बढ़ेगा जिससे आगे कुछ बड़ा करने की प्रेरणा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने मेधावी छात्रा ने नाम से लोक निर्माण विभाग द्वारा गांव का सम्पर्क मार्ग बनाये जाने की प्रशंसा करते हुए सभी मेधावियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।