सभी पार्टियों ने क्रॉस वोटिंग करने वालों पर लिया एक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव में भितरघात कर क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ राजनीतिक दलों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बसपा ने विधायक तसलीम को पार्टी से निष्कासित कर दिया है तो भाजपा ने विजय बहादुर और सपा ने श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित व उनके भाई मुकेश शर्मा को निलंबित कर दिया है।
कुछ अन्य संदिग्धों की जांच-पड़ताल कराई जा रही है। उन पर भी जल्द ही कार्रवाई किए जाने के संकेत हैं। कांग्रेस ने अपने विधायक व मुख्य सचेतक मो. मुस्लिम को शनिवार रात ही पद से बर्खास्त कर दिया था।
बसपा : एक निष्कासित, चार पर पहले हो चुकी कार्रवाई
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बिजनौर के नजीबाबाद से बसपा विधायक तसलीम अहमद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। क्रॉस वोटिंग के बाद बसपा की यह पहली बड़ी कार्रवाई है।
बसपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी क्रॉस वोटिंग करने वाले चार विधायकों बाला प्रसाद अवस्थी, महावीर राणा, छोटेलाल वर्मा और राजेश त्रिपाठी को पहले ही निलंबित और निष्कासित कर चुकी है।
सिर्फ तसलीम अहमद की क्रॉस वोटिंग की जानकारी पार्टी को विधान परिषद चुनाव के दिन हुई। पार्टी ने इसकी तस्दीक राज्यसभा चुनाव में करने के बाद कार्रवाई का फैसला किया। शनिवार को राज्यसभा चुनाव में तसलीम ने सपा प्रत्याशी को वोट किया और राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी को अपना वोट दिखा भी दिया। इसके बाद रविवार को उन्हें निष्कासित कर दिया गया। नसीमुद्दीन ने तसलीम के बसपा से निष्कासन की पुष्टि की है।
सपा : कुछ और पर कार्रवाई की तैयारी
सपा विधान मंडल दल ने गुड्डू पंडित और उनके भाई मुकेश शर्मा को निलंबित कर दिया है। इन दोनों राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा और उसके समर्थित उम्मीदवार को वोट दिया था।
बिसवां सीट से सपा विधायक रामपाल यादव को पार्टी पहले ही निलंबित कर चुकी है। रामपाल तो भाजपा समर्थित राज्यसभा उम्मीदवार प्रीति महापात्रा के प्रस्तावक भी थे। इसके अलावा लखनऊ और मुजफ्फरनगर के एक-एक सपा विधायक पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
भाजपा : विजय बहादुर के निष्कासन की तैयारी
भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना ने गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विजय बहादुर यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में रविवार को निलंबित कर दिया।
साथ ही प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य से उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की है। विजय बहादुर ने राज्यसभा और एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी को वोट किया था। साथ ही खुलकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ की थी। उन्होंने वोट डालने से पहले पार्टी के मुख्य सचेतक डॉ. राधामोहन दास से व्हिप लेने से भी इन्कार कर दिया था। डॉ. दास ने इसकी रिपोर्ट शनिवार रात ही खन्ना को भेज दी थी।