स्कूलों और हाईवे समेत सार्वजनिक स्थानों के पास नहीं खुलेंगे शराब के ठेके: सीएम योगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाईवे, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। प्रदेश में अब कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोएगा। प्रत्येक व्यक्ति के लिए उसकी पात्रता के अनुसार राशन कार्ड दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री रविवार को गायत्री परिवार की ओर से रमाबाई आम्बेडकर मैदान में आयोजित ‘नशा मुक्त उत्तर प्रदेश संकल्प समारोह’ में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान सर्वोत्तम अभियान है, क्योंकि इसके पालन से ही देश और प्रदेश आगे बढ़ सकता है।
विगत वर्ष आबकारी नीति के तहत 19500 करोड़ रुपये राजस्व वसूली लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन, हमारी सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हाईवे और सार्वजनिक स्थलों के नजदीक शराब बिक्री की प्रवृत्ति को पनपने नहीं दिया जाएगा। हमने अवैध बूचड़खाने बंद करने का काम भी किया।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान शुरू करके देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। इसके तहत सिर्फ कूड़े-करकट की सफाई ही नहीं, बल्कि मन और शरीर की सफाई भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और स्वावलंबी समाज को कोई भी गुलाम नहीं बना सकता। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से मुक्ति के लिए भी नशा मुक्ति जरूरी है। आज पॉलीथिन एक बड़ी समस्या बन गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दृढ़ संकल्प लिया है कि किसी भी गांव या मोहल्ले में कोई व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा। समय से खाद्यान्न की उपलब्धता और बेहतर इलाज की व्यवस्था पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। एक लाख शौचालाय प्रतिदिन बनाए जा रहे हैं, ताकि अक्टूबर 2019 तक प्रदेश खुले में शौच मुक्त हो सके। वर्ष 2022 तक हर गरीब को छत और बिजली कनेक्शन भी मुहैया करा देंगे।
राज्यपाल ने किया नशे के खिलाफ संग्राम का आह्वान
समारोह में राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि समाज में मादक पदार्थों का बढ़ रहा सेवन हम सबके लिए घातक है। शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ लेने भर से काम नहीं चलेगा, अभियान की सफलता के लिए लगातार प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी मंगल पांडे के बलिदान दिवस पर इस कार्यक्रम के आयोजन से इसका महत्व और भी बढ़ गया है। उम्मीद है कि आज से नशा मुक्ति के लिए दूसरा संग्राम शुरू होगा। अगर इस प्रयोग में हम सफल हुए तो यूपी को विकास के पथ पर आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकेगा।
हर जिले में एक गांव को करेंगे नशामुक्त : डॉ. प्रणव पांड्या