अखिलेश बोले 'कौन सा भाजपा नेता गाय पालता है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दादरी कांड पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता गाय पालते नहीं हैं, लेकिन गोसेवा की बातें खूब करते हैं।
जो भाजपा नेता गाय को मुद्दा बनाकर माहौल खराब कर रहे हैं, उनमें से किसी के यहां गाय नहीं है, जबकि हम गाय पाल रहे हैं। हमारे आवास 1, विक्रमादित्य मार्ग पर चार गाय व दो भैंस पल रही हैं। हम बेशकीमती जमीन पर भी गाय-भैंस पाल रहे हैं और ये सिर्फ बातें ही करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सोची-समझी साजिश के तहत दंगा कराया गया जिसका सबसे ज्यादा नुकसान सपा को हुआ। एक बार फिर वैसी ही कोशिश की जा रही है। इसके पीछे जो लोग हैं उनकी मंशा को समझना होगा।
सोमवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव होने में एक -डेढ़ साल ही बचा है। भाजपा ने पहले धर्म परिवर्तन मामला गरमाया और अब गाय का मुद्दा पकड़ा है।
विदेश जाने पर सब्जी-पूड़ी ले जानी होगी
मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि लखनऊ में भाजपा के किसी भी नेता के घर पर जाकर देख लो, एक भी गाय नहीं मिलेगी। बातें जरूर वे गोसेवा की करते हैं।
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से कहा, ‘आप लोगों के पासपोर्ट के साथ वीजा भी जरूर नत्थी होगा। पहली बार विदेश जाने पर तो यह तक पता ही नहीं चलता कि रेस्टोरेंट या होटल में टेबल पर खाने को क्या लगा है और क्या खा रहे हैं। ऐसे तो विदेश जाने पर अपने साथ घर से सब्जी-पूड़ी बनवाकर ले जानी पडे़गी।’
सीएम ने कहा कि एक तरफ हम दुनिया के बराबर खड़ा होना चाहते हैं, वहीं दूसरी तरफ खानपान को भी मुद्दा बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये ताकतें इसी रूप में सामने आएंगी। प्रदेश में कहीं भी दंगा होने पर इसका सबसे बड़ा नुकसान सपा को होता है।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ और इसका खामियाजा सपा को भुगतना पड़ा। इसका फायदा किस पार्टी को मिला, यह किसी से छिपा नहीं है। लोगों को इस पर भी ध्यान रखना होगा।