UP News: अखिलेश यादव के निशाने पर सरकार, बोले- बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार विदेश नीति की विफलता
राजधानी में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ जो हो रहा है, उस पर प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार से पूछना चाहिए।
विस्तार
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के मुद्दे पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है वह विदेश नीति की असफलता है। एक संत को जेल में डाल दिया गया। वहां लोगों के साथ गलत व्यवहार हो रहा है। इसका मतलब है विदेश नीति गड़बड़ है। भाजपा सरकार पड़ोसी देशों से संबंध ठीक नही रख पा रही है। विदेश में रह रहे अपने लोगों की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। यह केंद्र सरकार की विफलता है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि पीडीए की एकता और ताकत से भाजपा घबराई हुई है। पीडीए जितना मजबूत और एकजुट होगा, भाजपा उतना ही ज्यादा सांप्रदायिक राजनीति करेगी। भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।
विकसित भारत बनाना है तो सबका सम्मान करना होगा
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और किसानों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर हर जगह खोदाई होगी तो देश आगे नही बढ़ेगा। अगर विकसित भारत बनाना है तो सबका सम्मान करना होगा।
हम चुनाव जीतकर ईवीएम को हटाएंगे-अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दस साल पहले गंगा सफाई का वादा किया था, लेकिन कानपुर और कन्नौज समेत तमाम जगह नाले गंगा में जा रहे है। समाजवादी पार्टी हमेशा से ईवीएम के खिलाफ है। हम ईवीएम से चुनाव जीतकर ईवीएम को हटाएंगे।