अखिलेश बोले, नई सरकार को वक्त देंगे, कैबिनेट बैठक होने दीजिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में हार के बाद रविवार को पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की। उन्होंने नई सरकार को कुछ वक्त देने का संकेत दिया।
कहा कि कैबिनेट की पहली मीटिंग हो जाने दीजिए। अखिलेश सुबह जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट स्थित अपने कार्यालय पहुंचे और सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने चुनाव में कड़ी मेहनत करने के लिए सभी को बधाई दी। कहा कि सभी लोग होली का त्यौहार मनाएं। जल्द ही विधायकों और प्रत्याशियों के साथ मीटिंग करके हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। उसके बाद तय करेंगे कि क्या करना है।
कुछ नेताओं ने उनसे कहा कि पोस्टल बैलेट की गिनती में सपा उम्मीदवार आगे थे लेकिन जब ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू हुई तो रुझान बदला हुआ था।
मायावती की आशंका में दम
उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी की मायावती की आशंका में दम बताया। कहा कि मुस्लिम इलाकों के बूथों पर भाजपा को वोट मिले हैं। यह बात गले नहीं उतर रही है। कई अन्य नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में वोटिंग के रुझान और चुनावी नतीजों की जानकारी दी।
कुछ लोगों ने नई सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का सुझाव दिया। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी नई सरकार को मौका देंगे। उन्होंने बहुत वादे किए हैं। पहली कैबिनेट मीटिंग होने दीजिए। देखेंगे कि क्या-क्या फैसले होते हैं। उनका इशारा किसानों की कर्जमाफी समेत कुछ बड़े फैसलों की तरफ था।
उन्होंने कहा कि हम जनता की आवाज उठाएंगे। सरकार के काम पर नजर रखेंगे। लोकतंत्र में जनता जो भी जिम्मेदारी दे, उसे निभाना चाहिए। अभी धरना, प्रदर्शन का समय नहीं है। पहले सरकार का काम देखिए।
इस दौरान मंत्री राजेंद्र चौधरी, एमएलसी एसआरएस यादव, अरविंद सिंह , सुनील यादव साजन, राजपाल कश्यप, आनंद भदौरिया, उदयवीर सिंह, जरीना उस्मानी समेत कई नेता मौजूद थे।
अखिलेश से मिलने पहुंचे मुलायम, अटकलें तेज
सपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने रविवार को जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट जाकर अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि उन्हें सीएम से अकेले में बात करनी है। सभी के बाहर चले जाने पर अखिलेश से उनकी 15-20 मिनट बातचीत हुई। इस मुलाकात को लेकर अलग-अलग अटकलें लगाई जा रही हैं।
चूंकि मुलायम पहली बार जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में अखिलेश से मिलने गए, इसलिए भी कयासबाजी हो रही है। माना जा रहा है कि मुलायम ने उनसे चुनावी नतीजों को लेकर चर्चा की है। बातचीत के बाद मुलायम एयरपोर्ट के लिए निकल गए और वहां से सैफई चले गए।
सपा विधायकों की बैठक 16 को
सपा के नवनिर्वाचित विधायकों की पहली बैठक 16 मार्च को सुबह 11 बजे सपा के प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विधायकों से मिलने के साथ ही चुनावी नतीजों को लेकर फीडबैक भी लेंगे।
बैठक में सपा विधायक दल के नेता का चुनाव कराने पर विचार हो सकता है। विधानसभा चुनाव में सपा की करारी हार के बाद इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।