मीडिया से बोले अखिलेश, आप हैं मेरे और चाचा के झगड़े की मुख्य वजह
उन्होंने कहा कि मैं कुछ पत्रकारों को जानता हूं। वो जब मेरे साथ बैठते हैं तो कहते हैं कि आप अच्छा काम कर रहे हैं और जब चाचा के पास बैठते हैं तो उनसे कहते हैं कि आप अच्छा काम कर रहे हैं।
मैं उनसे कहता हूं कि आप अपना काम करो न्यूज चलाओ किसी के बीच झगड़ा क्यों करवाते हो। अखिलेश ने कहा कि हमें विरोधियों के साथ ही आप मीडिया के लोगों से भी सावधान रहना पड़ता है।
वहीं, मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि आने वाले अक्टूबर से प्रदेश की बिजली व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन नजर आएगा। हम ऐसा काम कर रहे हैं कि बिजली संकट से प्रदेश को छुटकारा मिल जाएगा।
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना, कहा- जल्दी का है जमाना
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जमाना जल्दी का है अभी 15 अगस्त को उन्होंने एक गांव में बिजली पहुंचाने की बात कही थी लेकिन वो बात गलत निकली और फिर उन्हें फिर फेसबुक से इसकी तस्वीर हटानी पड़ी। अखिलेश ने कहा कि जमाना जल्दी का है, लोग पहले ही अपडेट कर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने चार साल में किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया और कहा कि कुछ लोग झूठ फैलाते हैं जबकि चार साल में हमने जितना काम किया उतना किसी ने नहीं किया। जब भी काम की बात होगी तो समाजवादियों का नाम सबसे पहले आएगा।
उन्होंने कहा कि हमने यूपी में मेट्रो का काम शुरू करवाया और अगर अगली बार सत्ता में आए तो फिर यूपी के चार शहरों में मेट्रो हम ही चलाएंगे। आज जब गोरखपुर में एम्स बन रहा है तो जमीन हमने ही दी तभी वहां एम्स बन रहा है।