'गिर रहा है झाड़ू पकड़ाने वाली सरकार का ग्राफ'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार सभी को झाड़ू पकड़वाना चाहती थी। जब यह सरकार बनी तो उनके सामने मुद्दे क्या थे और किन तमाम चीजों को लेकर उन्होंने यह सरकार बनाई थी।
उन्होंने नारा तो दिया, लेकिन उस पर काम कुछ भी नहीं किया। इसी का परिणाम है कि उनका ग्राफ उठ नहीं रहा, बल्कि नीचे जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बसपा का नाम लिए बगैर कहा कि एक सरकार हमने और आपने मिलकर हटाई थी।
आप तुलना कर लें दोनों सरकारों व समाजवादी पार्टी की सरकार का। काम-काज के साथ-साथ सड़क व दूसरी सुविधाओं के मामले में सबसे आगे सपा सरकार को पाएंगे।
मुख्यमंत्री सोमवार को हज आवेदकों की लॉटरी निकालने के लिए आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने में कठिनाइयां भी बहुत आती हैं। इसके बावजूद सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के लोगों को तरक्की की राह पर ले जाने का काम किया है।
जल्द करेंगे कर्मचारियों की भर्ती
उन्होंने कहा, दूसरी ताकतें हैं जो आप लोगों को तरक्की की राह पर आगे नहीं ले जाना चाहतीं। देश में तरक्की व खुशहाली समाजवादी विचारधारा ही ला सकती है।
अखिलेश बोले, ऐसे बहुत सारे मामले हैं जो कानूनी अड़चनों के कारण रुके हुए थे। यूनानी वाले साथी हों या आयुर्वेद वाले डॉक्टर जो प्रैक्टिस नहीं कर पाते थे। हम लोगों ने मिलकर रास्ता निकाला, आज वे आराम से प्रैक्टिस कर सकते हैं।
विभाग में कुछ कर्मियों की कमी है, उसे दूर करने के लिए हम रास्ता निकाल लेंगे। मुख्यमंत्री का इशारा अरबी-फारसी मदरसा बोर्ड व वक्फ बोर्ड के खाली पदों की ओर था।
'धर्म को मानते तो सब हैं, पर कोई समझता नहीं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म को मानते तो सब हैं लेकिन इसे जानते बहुत कम लोग हैं। यदि धर्म के सही मायने समझ जाएंगे तो कोई झगड़ा-फसाद हो ही नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि कोई भी समाज शिक्षा के माध्यम से ही तरक्की कर सकता है। आजम खां ने जौहर विश्वविद्यालय बनाकर बहुत बड़ा काम किया है। दुनिया में बुराई तभी खत्म होगी जब हम बुरे को बुरा कहने लगेंगे।
सीधी व स्पष्ट बात करते हैं आजम खां
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में राजनीति की जो परिस्थितियां आएंगी, उन पर सीधी व स्पष्ट बात आजम खां ही रखते हैं। सदन में भी कि कोई सीधी व स्पष्ट बात रखता है तो वह आजम खां साहब ही हैं।