फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Akhilesh Yadav attacked on BJP about farmers protest

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- किसानों की आय दोगुनी करने वाला एमएसपी लागू करे सरकार

Mon, 14 Dec 2020 11:31 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या Published by: शाहरुख खान Updated Mon, 14 Dec 2020 11:31 PM IST
विज्ञापन
Akhilesh Yadav attacked on BJP about farmers protest
अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला

जिस तरीके से दिल्ली के आसपास अपना सब कुछ छोड़कर किसान धरने पर बैठे हैं, उन्होंने देश को जगाने का काम किया है और सरकार को एमएसपी के बारे में सोचने पर मजबूर किया है। यदि सरकार वास्तव में किसानों की हितैषी तो ऐसा एमएसपी लागू करे जिससे हकीकत में किसानों की आय दोगुनी हो सके। 

विज्ञापन


यह तीन कानून जो सरकार लाई है, यह किसानों के लिए डेथ वारंट साबित होंगे, इसलिए सपा इसका विरोध कर रही है। यह बातें सोमवार को आजमगढ़ दौरे से लौट रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देवकाली स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि बिना किसी की परवाह किए, बिना किसी बहस के, बिना किसी चर्चा के जिस तरह से भाजपा ने यह कानून पास किया, उससे यह दिखाई देता है कि सीधा-सीधा कारपोरेट हाउस को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा कार्य कर रही है और किसान को बाजार में छोड़ने का काम कर रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


किसानों को बाजार के हाल पर छोड़ देंगे तो कभी भी किसान को लाभ नहीं मिल सकता। समझौता पहले होगा, रेट देने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी, जिससे करार होगा वह रेट देगा कि नहीं इसकी भी गारंटी नहीं है। उसके बाद किसानों को कोर्ट जाने का अधिकार भी भाजपा ने छीन लिया। समझौता तोड़ने पर किसान कोर्ट में भी नहीं जा सकता। 

भाजपा ऐसा प्रावधान बनाए कि जो लोग एमएसपी नहीं देंगे, उनके खिलाफ कार्यवाही होगी, उन्हें जेल भेजा जाएगा। कहा कि मंच पर बैठे लोग पहले किसान हैं, फिर समाजवादी हैं। सबके पास खेत है। कहा कि भाजपा मिस्ड काल पर सदस्य बनाती है, क्या किसानों के एमएसपी के लिए भी मिस्ड काल की सुविधा है। 
कहा कि यह अयोध्या की पावन धरती है, यहां से भगवान के बीच रहकर यदि आशीर्वाद मिल गया तो आगामी 2022 के चुनाव में 351 सीटें जीतकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। कहा कि सपा के लोग आंदोलन में शामिल होने के लिए निकलते हैं तो पुलिस उनके घर पर आ जाती है। यह कौन सा तरीका है लोकतंत्र में।

मास्क व दूरी सिर्फ सपा के लिए
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी में बहुत से लोगों की जान गई है, इसका दुख है। यह बीमारी गई नहीं है, मास्क पहनना और दूरी बनाना यह जरूरी है, लेकिन यह दूरी केवल सपा के लिए है, भारतीय जनता पार्टी के लिए नहीं है। कहीं चुनाव होगा तो भाजपा के लोग बिना मास्क के पहुंच जाएंगे। 

सपा के लोग अगर आंदोलन के लिए अपनी बात रखने आएंगे, तो उन्हें इसी के बहाने मुकदमे और कानून में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। कहा कि पता नहीं किसने भाजपा की आंख और कान बंद कर दिया, उन्हें सुनाई नहीं दे रहा कि जनता, किसान क्या चाहता है।

एक करोड़ रोजगार की सूची दिखाए सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों को धोखा देने के लिए एक करोड़ व 50 लाख नौकरी देने की बात सरकार करती है। सवाल किया कि वह सूची कहां है, जिसमें एक करोड़ लोगों को नौकरी दी गई है। भाजपा ने लगातार जनता को धोखा दिया, गुमराह कर रही है, झूठ बोलने का लगातार कार्यक्रम चला रही है। पता नहीं कहां ट्रेनिंग दी जाती है कि एक झूठ बोला जाता है, वही जमीन तक पहुंचाया जाता है। मुख्यमंत्री सरकार धुएं में चला रहे हैं। 

श्रीराम एयरपोर्ट का फिर उठाया मुद्दा
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने श्रीराम एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में भूमि अधिग्रहण का मामला उठाते हुए कहा कि हम यहां के विकास के खिलाफ नहीं हैं। यदि किसान जमीन दे रहे हैं, तो उनका जीवन न बर्बाद हो जाय। उनका सर्किल रेट बढ़ाकर छह गुना मुआवजा मिलना चाहिए, यह सपा की मांग है। लेकिन सरकार उन्हें परेशान कर रही है। सरकार के पास इतना पैसा है,वह किसानों की क्यों मदद नहीं कर रही है।

नजीर दिया कि जब हमें एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन लेनी थी किसी किसान को हमने दुखी नहीं किया। तीन-चार महीने में 302 किलोमीटर में जमीन किसानों ने देने का काम किया, तो यहां क्या दिक्कत है। यहां जबरदस्ती, पुलिस की ताकत से, झूठे मुकदमे लगाकर जमीन लेना चाहते हैं। भरोसा दिलाया कि सपा सरकार आने पर ऐसे पुण्य कार्यों के लिए छह गुना मुआवजा भी देना पड़ेगा, तो दिया जाएगा। 

सपा सरकार के विकास कार्यों को गिनाया
पूर्व मुख्यमंत्री ने सपा सरकार में किए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि अयोध्या-फैजाबाद में विकास कार्यों को जितनी गति दी गई थी, वह आज भी जनता को याद है। घाटों पर जो दीये जलाए जाते हैं, उन घाटों का सुंदरीकरण सपा ने किया। घाट पर पंप लगवाया। भजन स्थल बनवाया। क्या भगवान राम हम समाजवादियों के नहीं हैं। सपा भगवान विष्णु के सभी अवतारों को पूजती है। अयोध्या में पारिजात का पेड़ पहले सपा ने लगाया। कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया, उससे भगवान राम का मंदिर बन रहा है। परिवार के साथ दर्शन करेंगे। 

ईवीएम का किया विरोध

बिहार के चुनाव पर अपनी बात रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बेईमानी हुई है। सर्टिफिकेट बदल दिया गया। ईवीएम पर भरोसा नहीं है। अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका टेक्रोलॉजी, अर्थ व्यवस्था, साइंस आदि में सबसे ताकतवर है, लेकिन ईवीएम नहीं पसंद करता। जब कई दिनों में चुनाव हो सकता है तो कई दिनों काउंटिंग से क्या परहेज है। कहा कि इसका विरोध जारी रहेगा। 

छोटे-छोटे दलों से करेंगे गठबंधन
पूर्व मुख्यमंत्री ने बड़े दलों से गठबंधन करने से इंकार करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में छोटे-छोटे दलों से गठबंधन किया जाएगा। बड़े दलों से गठबंधन का अनुभव ठीक नहीं रहा है। वहीं, चाचा शिवपाल के मुद्दे पर गोलमोल जवाब देते हुए कुछ भी बोलने से कतराते नजर आए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed